प्रयागराज के थरवई थाना क्षेत्र के मनकामेश्वर भीम कुंडा मंदिर के पुजारी की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है. हत्या के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. पुलिस सिर्फ अंधेरे में तीर चला रही है. सोमवार देर रात मंदिर परिसर में पुजारी की हत्या कर दी गई थी. मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को पुजारी की हत्या की सूचना दी थी. 70 वर्षीय पुजारी महंत दयाल दास उर्फ जटाशंकर मिश्र की ईंट पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी.

यूपी पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

हालांकि मंदिर में कोई बड़ा दान पात्र नहीं होने की वजह से चोरी की आशंका नहीं जताई जा रही है. लेकिन मंदिर के पास पांच बीघा जमीन बताई जा रही है. शुरुआती जांच में पता चला है कि इस जमीन पर कुछ लोग कब्जा करना चाहते थे. इसका पुजारी द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा था. पिछले दिनों मंदिर का घंटा चोरी हुआ था और पुजारी के कमरे का ताला भी टूटा था.

हत्या का मुकदमा दर्ज

उस समय पुजारी ने थरवई थाने में माधोपुर गांव के कामता और राम बहादुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. ग्राम प्रधान की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. मृतक बाबा दयाल दास पंच निर्वाणी अखाड़ा अयोध्या से जुड़े हुए थे. बाबा दयाल दास मूल रूप से कहां के रहने वाले थे इस बात की कोई जानकारी नहीं मिल सकी है. हालांकि करीब 25 साल पहले वह मंदिर में आकर रहने लगे थे.

विज्ञापन



Source link