Fatehpur: Sister of a Minister of State assaulted while attempting to save a neighbor

घटना की जानकारी देती महिला
– फोटो : अमर उजाला

पड़ोसी युवक को हमलावरों से बचाने पहुंची पूर्व प्रधान और राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन रामा देवी पासवान को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा। आरोप है कि उन्हें लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटकर घायल कर दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंची पड़ोसी युवक के छोटे भाई की गर्भवती पत्नी रेशमा को भी पीटा गया। घटना के दौरान हवाई फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने वीडियो की पुष्टि नहीं की है।


मलवां थाना क्षेत्र के समशाही सुल्तानपुर गांव निवासी शिवसागर निषाद ने तहरीर में बताया कि रविवार शाम करीब पांच बजे गांव के सनद सिंह गौतम, अभिलाष सिंह गौतम, धनंजय सिंह, लाल सिंह गौतम और रमेश सिंह गौतम समेत आठ अन्य लोगों ने उसे रास्ते में घेरकर पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान दवा लेकर घर लौट रही पूर्व प्रधान और राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन रामा देवी ने उसे बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर पहुंची छोटे भाई की गर्भवती पत्नी रेशमा को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया।

शिवसागर का आरोप है कि धनंजय सिंह राइफल और सनद सिंह तमंचा लेकर पहुंचे थे। हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के दौरान हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल होने से मामला चर्चा में है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि थाने में तहरीर देने के 24 घंटे से अधिक समय बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना का संज्ञान लेकर क्षेत्राधिकारी को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



Source link