संवाद सूत्र, औंग(फतेहपुर)। आसमान से खेत में भारी बर्फ का गोला गिरने से दो फीट गहरा गड्ढा हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक बर्फ के इस गोले का वजन करीब 25 किलो के आसपास रहा होगा, जो नीचे गिरने पर बिखर कर छोटे टुकड़ों में फैल गया। खेत में गिरने के बाद बर्फ के गोले को देखने वाले पहुंचने लगे। आसपास के गांवों यह खबर कौतूहल पैदा कर रही है। गांव के लोगों ने इसका फोटो इंटरनेट मीडिया में प्रचलित किया है।

औंग थाने के बनियन खेड़ा गांव निवासी रामआसरे के खेत में उनके पुत्र बालकुमार काम कर रहे थे। किसान के अनुसार वह मेड़ की छिलाई कर था करीब दो बजे दोपहर में एकदम से धम्म की आवाज से हुई। पास जाकर देखा तो बड़ा बर्फ का टुकड़ा गिरा था, जो नीचे गिरने पर टूटकर बिखकर गया।

बर्फ का गोला गिरने से दो फीट तक जमीन धंस गई है। यह देखकर वह दहशत में आ गए घर वालों को बताया। चारों ओर बिखरे बर्फ के टुकड़ों को एकत्र कर स्वजन व गांव के लोगों को जानकारी दी। इस पर खेत में गांव के अलावा आस पास गांव के लोग पहुंच गए।

यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय है। एसडीएम बिंदकी निशांत तिवारी ने कहा कि जानकारी हुई थी तो लेखपाल कुलदीप व पुलिस बल को भेजा था, लेकिन बर्फ गल चुकी थी। अब हम जांच के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) को पत्र लिख रहे हैं, ताकि वह आकर जांच करें। थाना प्रभारी दिनेश शुक्ला ने कहा कि बर्फ का एक गोला आसमान से गिरने की जानकारी मिली है। कोई हताहत नहीं हुआ है।

फतेहपुर के आंग (मलवां) क्षेत्र में आसमान से गिरे 25-30 किलो वजनी बर्फीले गोले के पीछे विमान से गिरने वाली ‘ब्लू आइस’ या दुर्लभ प्राकृतिक घटना मेगाक्रायोमीटियर की संभावना हो सकती है। मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, विमान 30 से 40 हजार फीट की ऊंचाई पर माइनस 40 से 50 डिग्री तापमान में उड़ते हैं।

इस दौरान टायलेट वेस्ट या पानी की पाइपलाइन में रिसाव से होने पर वह पानी या वेस्ट तुरंत बर्फ की तरह जम जाता है, टूटकर नीचे गिर सकती है। दूसरी संभावना मेगाक्रायोमीटियर की है, जिसमें ऊपरी वायुमंडल में नमी बेहद कम तापमान के कारण परत-दर-परत जमकर विशाल बर्फीले गोले का रूप ले लेती है।

उन्होंने बताया कि हजारों फीट की ऊंचाई से गिरने पर गुरुत्वाकर्षण के कारण बर्फ के टुकड़े की गति और गतिज ऊर्जा बढ़ जाती है। जमीन से तेज टक्कर के कारण मिट्टी दबने से डेढ़ से दो फीट गहरा गड्ढा बन सकता है।



Source link

अभी अभी की खबरें