{“_id”:”6ae8f03b928000ae290e9de1″,”slug”:”minister-of-state-krishna-paswan-s-sister-and-pregnant-woman-beaten-up-in-fatehpur-accused-opened-fire-2026-11-03″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”फतेहपुर में दबंगों की गुंडई: राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बहन और गर्भवती महिला को पीटा, आरोपियों ने की फायरिंग”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

राज्यमंत्री की बहन पर जानलेवा हमला
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
यूपी के फतेहपुर में मलवां थाना क्षेत्र के समशाही सुल्तानपुर गांव में रविवार शाम को एक पड़ोसी युवक को बचाने पहुंचीं राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन रामा देवी और गर्भवती महिला को हमलावरों ने पीट दिया। इस दौरान हमलावरों ने राइफल और तमंचे से हवाई फायरिंग भी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि तहरीर देने के 24 घंटे बाद भी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शिवसागर निषाद ने बताया कि रविवार शाम करीब पांच बजे गांव के सनद सिंह गौतम, अभिलाष सिंह गौतम, धनंजय सिंह, लाल सिंह गौतम और रमेश सिंह गौतम समेत आठ अन्य लोगों ने उसे रास्ते में घेरकर पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान दवा लेकर घर लौट रही पूर्व प्रधान और राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बड़ी बहन रामा देवी ने शिवसागर को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावरों ने रामा देवी पर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर छोटे भाई की गर्भवती पत्नी रेशमा भी बचाने पहुंची, जिसे हमलावरों ने बुरी तरह पीट दिया। शिवसागर का आरोप है कि धनंजय सिंह राइफल और सनद सिंह तमंचा लेकर पहुंचे थे और उन्होंने मारपीट के दौरान हवाई फायरिंग की।
दूसरे पक्ष का आरोप
वहीं, दूसरे पक्ष ने आरोपों को निराधार बताते हुए राज्यमंत्री की बहन रामा देवी पर कृषि भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी बिंदकी से शिकायत की जा चुकी है। राजस्व अभिलेखों में उनके नाम कम जमीन दर्ज होने के बावजूद कब्जे का विवाद बना हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना का संज्ञान लेकर क्षेत्राधिकारी को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

