बदायूं के इस्लामनगर में किसान के घर हुई डकैती में पचास हजार के इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू को एनकाउंटर में मार गिराने के संबंध में पुलिस ने बृहस्पतिवार को पूरा घटनाक्रम सामने रखा। पुलिस ने बताया कि दो चेकिंग प्वाइंट पर घेराबंदी के बाद ढालू फायरिंग कर बच निकला। बिल्सी रोड पर नई जेल के लिए प्रस्तावित भूमि के पास कच्चे रास्ते पर बाइक से भाग निकला। बारिश के कारण रास्ते में बाइक फिसलने से ढालू गिर गया।
झाड़ियों की तरफ भागकर पुलिस टीम पर तमंचा और पिस्टल से फायरिंग करनी शुरू कर दी। बदमाश ढालू ने पुलिस टीम पर 14 गोलियां चलाईं थीं, जबकि बचाव में पुलिस ने दो। पुलिस के मुताबिक, एक गोली ढालू के सीने और दूसरी दाएं पैर में लगी थी। एक्सरे में गोलियां फंसी नहीं मिलीं। मुठभेड़ में दरोगा और पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।
बृहस्पतिवार की दोपहर 12:04 बजे एसएसपी अंकिता शर्मा की ओर से घटनाक्रम के संबंध में जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बुधवार रात बिल्सी की तरफ से आ रही बाइक पर सवार बदमाश को कठौली कोल्ड स्टोर स्थित चेकिंग प्वाइंट पर रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाश ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायर कर दिया।
फायरिंग के बाद बदमाश बदायूं की तरफ भागने लगा। सूचना का संज्ञान लेते हुए एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने सिविल लाइन थाना इंस्पेक्टर व अन्य पुलिस टीम को ब्रीफ करते हुए पर्याप्त पुलिस बल के साथ आरटीओ चौराहे से आगे बिल्सी रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू करा दी।
