बरेली में किला नदी का उफान शुक्रवार को भी बरकरार रहा।। इससे किला छावनी व कर्मचारीनगर के कुछ इलाकों में अब भी जलभराव की समस्या बनी हुई है। लाजपतनगर के लोग तो घर छोड़कर रिश्तेदारों, किराये के घरों व होटलों में रह रहे हैं। प्रशासन की तरफ से जलस्तर कम होने का इंतजार किया जा रहा है।
किला नदी का जलस्तर बढ़ने से तीन दिनों से कर्मचारीनगर के कुछ इलाकों में पानी भर गया है। लाजपतनगर कॉलोनी के अध्यक्ष अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि अब भी मोहल्ले में दो फुट पानी है। यहां कुल 98 घरों में से 90 पर ताला लग गया है। ऊपरी तल पर रहने वाले लोग ही रह रहे हैं। काफी संख्या में लोग बुखार व अन्य बीमारियों से पीड़ित हैं।
किला छावनी क्षेत्र में भी दो से तीन फुट पानी है। इसके चलते कॉलीधाम मंदिर क्षेत्र, बारह बीघा, गोकुल मटिया, लाल मटिया, सैदपुर आदि क्षेत्रों में पानी भर गया है। इन क्षेत्रों में 250 से 300 घर होंगे। इन इलाकों में नदी के किनारे अतिक्रमण कर घर बनाने से ऐसी समस्या हो रही है।
