तेजी से उभर रहा नया कारोबारी क्षेत्र

पीलीभीत रोड बीते कुछ वर्षों में बरेली के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में शामिल हो गई है. पहले इस मार्ग पर आबादी और प्रतिष्ठानों की संख्या कम थी, लेकिन अब यहां बड़े शोरूम, निजी अस्पताल, होटल और व्यावसायिक संस्थान तेजी से विकसित हुए हैं. शहर के विस्तार के साथ इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी बढ़ी है. इसी जरूरत को देखते हुए बरेली विकास प्राधिकरण सड़क को अधिक चौड़ा और सुविधाजनक बनाने में जुटा है.

60 करोड़ से चल रहा सिक्सलेन निर्माण

बैरियर टू से बड़ा बाइपास तक सड़क को पहले फोरलेन के रूप में इस्तेमाल किया जाता था. बढ़ते यातायात और एयरपोर्ट तक बेहतर पहुंच बनाने के उद्देश्य से करीब 4.86 किलोमीटर हिस्से को सिक्सलेन में बदलने की परियोजना शुरू की गई. इस पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. योजना में सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के अलावा डिवाइडर, फुटपाथ और दूसरी जरूरी सुविधाओं का विकास भी शामिल है. निर्माण पूरा होने पर इस मार्ग पर वाहनों का दबाव पहले की अपेक्षा बेहतर तरीके से नियंत्रित होने की उम्मीद है.

सेटेलाइट तक सड़क चौड़ी करने की तैयारी

बीडीए ने अब बैरियर टू से सेटेलाइट चौराहे तक सड़क को भी सिक्सलेन बनाने की योजना आगे बढ़ाई है. कुल 7.42 किलोमीटर लंबे इस हिस्से के लिए 62.83 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की गई है. निर्माण को दो हिस्सों में बांटा गया है. पहले चरण में बैरियर टू से सुरेश शर्मा नगर चौराहे तक 3.50 किलोमीटर सड़क का काम 30.42 करोड़ रुपये से कराया जाएगा. दूसरे चरण में सुरेश शर्मा नगर से सेटेलाइट तक 3.92 किलोमीटर सड़क के लिए 32.41 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. पीडब्ल्यूडी से सड़क हस्तांतरण और एनओसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर को टेंडर खोले जाएंगे.

चौराहों पर बनेगी नाथ नगरी की पहचान

सड़क को चौड़ा करने के साथ ही इसके प्रमुख चौराहों को आकर्षक बनाने की भी तैयारी है. विश्वविद्यालय-डोहरा रोड चौराहे और सौ फुटा तिराहे को नाथ नगरी की सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप विकसित करने का प्रस्ताव है. इसके अलावा बैरियर टू चौकी से सेटेलाइट तक प्रमुख स्थानों के सौंदर्यीकरण की योजना भी बनाई गई है. इससे सड़क पर यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी बढ़ावा मिलेगा.

अस्पतालों तक पहुंचना होगा आसान

पीलीभीत रोड पर कई बड़े अस्पताल और चिकित्सा केंद्र संचालित हैं. सड़क चौड़ी होने से मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल पहुंचने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है. चिकित्सक डॉ. विमल भारद्वाज का कहना है कि सिक्सलेन निर्माण के दौरान डिवाइडर कट की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए. अस्पतालों के आसपास कट की उचित दूरी होने से एंबुलेंस को अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और आपातकालीन मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी.

कारोबार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य राजेंद्र प्रसाद गुप्ता के मुताबिक पीलीभीत रोड पर बेहतर सड़क बनने से व्यापारिक गतिविधियों को विस्तार मिलेगा. एयरपोर्ट की नजदीकी और मजबूत कनेक्टिविटी इस क्षेत्र को निवेश के लिहाज से महत्वपूर्ण बना रही है. उद्यमी दिनेश गोयल का मानना है कि सड़क चौड़ी होने से नए प्रतिष्ठानों के खुलने की संभावनाएं बढ़ेंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे.

माल ढुलाई में भी मिलेगी राहत

उद्यमी राजेश गुप्ता के अनुसार किसी भी शहर के आर्थिक विकास के लिए मजबूत सड़क नेटवर्क जरूरी है. सिक्सलेन बनने से मालवाहक वाहनों को आवागमन में सुविधा होगी. इससे सामान की आवाजाही में लगने वाला समय कम हो सकता है और व्यापारियों को परिवहन संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी.

निर्माण पूरा होने का इंतजार

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान कई स्थानों पर धूल और अधूरे काम के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है. होटल संचालक सचिन पटेल और व्यापारी सुनील के मुताबिक फिलहाल लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है, लेकिन परियोजना पूरी होने के बाद ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने और कारोबार को फायदा मिलने की उम्मीद है.

समय पर काम पूरा कराने पर जोर

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के अनुसार पीलीभीत रोड पर बढ़ते यातायात और शहरी विस्तार को देखते हुए सिक्सलेन परियोजना तैयार की गई है. प्राधिकरण का उद्देश्य केवल सड़क को चौड़ा करना नहीं, बल्कि बेहतर यातायात व्यवस्था और नियोजित विकास को बढ़ावा देना है. निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का ध्यान रखा जा रहा है. प्रमुख चौराहों को नाथ नगरी की थीम पर विकसित कर इस मार्ग को आधुनिक सुविधाओं के साथ शहर की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने की भी योजना है.

Also Read: मेले जाने निकले तीन दोस्त रास्ते में हादसे का शिकार, बरेली में दो की मौत और तीसरे की हालत गंभीर , गांव में मचा कोहराम



Source link

अभी अभी की खबरें