जागरण संवाददाता, बस्ती। कप्तानगंज क्षेत्र में शिक्षिका के साथ लापता हुए कक्षा 11 के छात्र को पुलिस ने लखनऊ के एक होटल से बरामद किया था। मामले में नया अपडेट यह है कि नाबालिग छात्र अब अपने माता-पिता के पास है। 25 नवंबर को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के अध्यक्ष ने विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद छात्र को माता-पिता की सुपुर्दगी में दे दिया। इससे परिजनों को राहत मिली है।

बताया जाता है कि छात्र उसी विद्यालय के प्रबंधक का पुत्र है, जहां आरोपित शिक्षिका करीब एक वर्ष से अध्यापन कार्य कर रही थी। छात्र के अचानक लापता होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। जानकारी मिलने पर कि वह शिक्षिका के साथ गया है, पिता ने कप्तानगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।

पुलिस ने पिता की तहरीर पर शिक्षिका के खिलाफ अपहरण, पाक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मोबाइल लोकेशन के आधार पर एसओजी की मदद से पुलिस टीम ने दोनों को लखनऊ के एक होटल से बरामद कर लिया था। बरामदगी के बाद नाबालिग को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया था।



Source link