बहराइच। भारत में श्वेत क्रांति के जनक और मिल्कमैन के नाम से विख्यात डॉ. वर्गिस कुरियन के जन्मदिवस पर विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गोआश्रय स्थलों के बेहतर संचालन और दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया।

पशुपालन एवं दुग्धशाला विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता की अध्यक्षता में हुआ। इसमें शासन से नामित संयुक्त निदेशक डॉ. राजेश त्रिपाठी और सदर विधायक अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि अशोक जायसवाल मौजूद रहे। कार्यक्रम में डॉ. वर्गिस कुरियन के योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने और श्वेत क्रांति लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर जिले के पांच गोआश्रय संचालकों और दो केयरटेकर को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वहीं पांच अग्रणी दुग्ध उत्पादकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी राजकुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश उपाध्याय, पशु चिकित्साधिकारी और कृषक मौजूद रहे।



Source link