अमरोहा। दिल्ली-यूपी रेल मार्ग पर ट्रेनों का दबाव कम करने और रेल यातायात को सुगम बनाने के लिए गाजियाबाद से मुरादाबाद के बीच तीसरी और चौथी रेलवे लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए अमरोहा जिले के 46 गांवों के किसानों की 71.3922 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। तीनों तहसीलों में जमीनों के गाटों का मिलान लगभग पूरा हो चुका है। जल्द ही इनका सार्वजनिक प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद जमीनों पर मौजूद पेड़, बिजली की लाइन और अन्य परिसंपत्तियों का सर्वे कराया जाएगा।
गाजियाबाद-मुरादाबाद, मुरादाबाद-रोजा और रोजा-सीतापुर के बीच कुल 402.78 किलोमीटर लंबाई में तीसरी और चौथी रेल लाइन प्रस्तावित है। इसके लिए अमरोहा तहसील के 27 गांवों की 48.1182 हेक्टेयर, धनौरा के 14 गांवों की 12.487 हेक्टेयर और हसनपुर के पांच गांवों की 10.787 हेक्टेयर जमीन ली जाएगी।
रेलवे बोर्ड किसानों की सहमति से जमीन खरीदेगा। चिह्नित गांवों में जमीनों के क्रय-विक्रय, धारा 80 के तहत भू-उपयोग परिवर्तन और अनधिकृत निर्माण पर रोक लगा दी गई है। इससे अधिग्रहण के लिए चिह्नित जमीनों में नया बदलाव नहीं हो सकेगा।
जिला विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी करमेंद्र सिंह ने बताया कि तीनों तहसीलों में गाटा संख्या का मिलान लगभग पूरा हो चुका है। जल्द ही गाटों का प्रकाशन होगा। इसके बाद जमीनों पर मौजूद पेड़, बिजली की लाइन और अन्य परिसंपत्तियों का सर्वे कराया जाएगा।
