महराजगंज के जिला महिला अस्पताल के 100 शैय्यायुक्त मैटरनिटी विंग के चौथे फ्लोर पर करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक लैब तैयार की गई है। इसमें 117 तरह की जांचों की सुविधा मिलेगी।

.

कैंसर और हार्मोन से जुड़ी जांचों के साथ बायोप्सी की सुविधा भी उपलब्ध होगी। नवंबर के अंत तक लैब शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद जिले के मरीजों को इन जांचों के लिए गोरखपुर या निजी लैब के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

मशीनों की स्थापना का काम अंतिम चरण में

लैब के भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और मशीनों की स्थापना का काम अंतिम चरण में है। कार्यदायी संस्था ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजकर लैब का निरीक्षण कराने का अनुरोध किया है। सीएमओ की ओर से टीम गठित कर निरीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद उपकरणों की स्थापना और संचालन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। निर्माण कार्य यूपीसीएलडीएस के गोरखपुर प्रखंड की ओर से कराया गया है। कुछ नए उपकरण लैब में पहुंच भी चुके हैं।

117 तरह की जांचों की मिलेगी सुविधा

जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि नवंबर के अंत तक लैब शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। यहां ब्लड की विभिन्न जांचों के अलावा हार्मोनल, कैंसर से संबंधित और बायोप्सी जैसी कुल 117 प्रकार की जांचें होंगी। इससे महिला अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को एक ही स्थान पर कई तरह की जांच कराने की सुविधा मिलेगी।

मरीजों को निजी लैब के खर्च से मिलेगी राहत

अभी कई जटिल और हार्मोन संबंधी जांचों के लिए मरीजों को दूसरे अस्पतालों या निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है। इससे समय और पैसे दोनों खर्च होते हैं। नई लैब शुरू होने से मरीजों को इन परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। महिला अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे इलाज के लिए पहुंचते हैं। गर्भवती महिलाओं, बच्चों और अन्य मरीजों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, लैब में आधुनिक मशीनें लगाई जा रही हैं और प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती की प्रक्रिया भी चल रही है। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि लैब शुरू होने के बाद जांच की सुविधा के साथ रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराना भी जरूरी होगा।



Source link