जागरण संवाददाता, बांदा। बांदा पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में कथाओं का आयोजन हो रहा है तो उन्हें परेशानी क्यों हो रही है? वह खुद भी कथा क्यों नहीं कराते? डबल इंजन की सरकार में कोई कथा या धार्मिक यात्रा में विघ्न नहीं डाल सकता।

उन्होंने कहा कि कथा सुनने वाले कमल का बटन दबाते हैं। साथ ही अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद अब मथुरा में भी मंदिर बनने की बात कही और काशी विश्वनाथ कारीडोर के दूसरे चरण के निर्माण का जिक्र किया। दरअसल, प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया की ओर से आयोजित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा को लेकर अखिलेश यादव ने टिप्पणी की थी।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान राम और श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयानों पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने पांच नवंबर को प्रदेश सरकार और प्रशासन से उनके सार्वजनिक आयोजनों को अनुमति नहीं देने की अपील की थी।

इसके बाद 16 नवंबर को कुंडा में आयोजित रामकथा को लेकर कहा था कि कुछ लोग जनता को अपना काम बताने के बजाय जनसमर्थन जुटाने के लिए कथा करा रहे हैं। कथावाचक तो कथा सुनाकर चले जाएंगे, लेकिन आयोजकों को जनता के बीच ही रहना है। इसी बयान के बाद भाजपा और सपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई थी। केशव मौर्य ने इसी पर जवाब देते हुए अखिलेश को खुद कथा कराने की नसीहत दी।

उन्होंने मथुरा में हाल में हुई बैठक का जिक्र करते हुए ”राधे-राधे, कमल खिला दे” का नारा भी दोहराया। कथा में उमड़े श्रद्धालुओं के सैलाब को सौभाग्य बताते हुए कहा कि प्रदेश में इतने बड़े धार्मिक आयोजन होना खुशी की बात है। उन्होंने सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी को आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।

सपा के घोषणापत्र को ढकोसला पत्र बताते हुए कहा कि सपा गुंडों और अपराधियों के बिना शून्य है। तंज कसते हुए कहा, ”सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।” उप मुख्यमंत्री भाजपा सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी की ओर से पं. जेएन कालेज मैदान में आयोजित पांच दिवसीय श्रीभक्त चरित्र कथा के तीसरे दिन शामिल होने पहुंचे थे।

उन्हें दोपहर डेढ़ बजे पहुंचना था, लेकिन महोबा से हेलीकाप्टर से करीब एक घंटा 40 मिनट देरी से दोपहर 3:10 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचे। डीएम अमित आसेरी और एसपी पलाश बंसल ने उनका स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू राजपूत, विधायक प्रकाश द्विवेदी और नरैनी विधायक ओममणि वर्मा सहित अन्य नेताओं ने भी स्वागत किया। उनके साथ महोबा के चरखारी विधायक ब्रजभूषण राजपूत और जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा भी हेलीकाप्टर से आए। एमएलसी बाबूलाल तिवारी भी मौजूद रहे।

कथा स्थल पर करीब 10 मिनट रुककर उन्होंने कथावाचक पं. इंद्रेश उपाध्याय का माल्यार्पण कर अभिवादन किया और कथा सुनी। इसके बाद भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। हालांकि सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ प्रस्तावित बैठक किए बिना ही वह शाम करीब 4:20 बजे कानपुर के लिए रवाना हो गए।



Source link