संवाद सहयोगी, नरैनी (बांदा)। बागै नदी नहाते समय रविवार दोपहर तीन बजे दो सगे भाई सहित मौसेरा भाई ठीक से तैरना न जानने से तेज बहाव में बह गए। ग्रामीणों व गोताखोरों ने एक घंटे बाद पहले बड़े भाई का शव पानी से बाहर निकाला। बाद में उसके सगे छोटे भाई का शव 100 मीटर की दूरी पर मिला। जबकि पानी में बहे मौसेरे भाई की दस गोताखोर व ग्रामीण खोजबीन कर रहे हैं।

एक किलोमीटर तक नाव से तलाश कराई गई। जाल भी जगह-जगह डाले जा रहे हैं। एसडीआरएफ राज्य आपदा मोचन बल टीम को खोजबीन करने के लिए सूचना दी गई है। खास दीपावली पर्व में घटना होने से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। दिवंगत हुआ बड़ा भाई बीटेक की पढ़ाई करता था। बड़ी घटना होने से स्वजन बेहाल हैं।

कालिंजर थाना के नौगवां गांव निवासी 20 वर्षीय बीटेक छात्र ऋषभ अपने सगे छोटे भाई 16 वर्षीय अंश त्रिपाठी पुत्र पुत्र अटल बिहारी व मौसेरे भाई 16 वर्षीय आयुष पुत्र सुशील त्रिपाठी निवासी ग्राम गोखिया अतर्रा के साथ गांव बाहर बागै नदी नौगवां के सीमन घाट नहाने के लिए रविवार दोपहर एक बजे गए थे। चरवाहों के मुताबिक वह तीनों भाई मौरंग में करीब दो घंटे तक आपस में खेलते रहे एवं एक दूसरे को कुश्ती लड़कर पटकनी देते रहे।

बाद में तीन बजे दोपहर तीनों नदी में नहाने के लिए कूद गए। करीब एक घंटे तक उनके बाहर न निकलने पर चरवाहों ने पास में स्थित मंदिर के पुजारी को सूचना दी। थोड़ी देर में सूचना ग्रामीणों तक पहुंच गई। ग्रामीणों की मशक्कत के बाद खोजबीन कर पहले बड़े भाई ऋषभ के शव को खोजा गया। 20 मिनट बाद दूसरे भाई अंश का शव मिला। दोनों को जीवित होने के संदेह में स्वजन उन्हें नरैनी सीएचसी ले गए। जहां डाक्टरों ने दोनों की मृत्यु हो चुकने की पुष्टि की।

अटल बिहारी का उजड़ गया कुनबा
स्वजन ने बताया कि अटल बिहारी के सिर्फ दो ही पुत्र थे। उनके कोई बेटी भी नहीं है। त्योहार के दिन उनका हंसता खेलता कुनबा उजड़ गया। मां शीलू व पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मां दोनों बेटों के शवों से लिपटकर रोते हुए कई बार गश खाकर बेहोश हो गई।

दीपावली मनाने घटना के दिन ही लखनऊ से आया था बीटेक छात्र
स्वजन ने बताया कि ऋषभ लखनऊ से बीटेक इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था।रविवार आठ बजे सुबह वह लखनऊ से मां के बुलावे पर दीपावली मनाने गांव आया था। जबकि उसका भाई अंश इंटर का छात्र था। आयुष भी कक्षा 12 वीं में पढ़ता था। ऋषभ के आने की सूचना पर वह उससे मिलने के उद्देश्य से आया था। हालांकि उसकी खोजबीन की जा रही है।

पुरोहित का कार्य करके पिता होनहार बेटे की करा रहे थे पढ़ाई
पिता दिल्ली सहित कई अन्य प्रदेशों में पूजा पाठ का कार्य करते हैं। मां शीलू घर का काम का संभालती हैं। पिता अपने होनहार बेटे को पुरोहित का कार्य करके पढ़ा रहे थे। उन्हीं उम्मीद थी कि बेटा आगे चलकर इंजीनियर बनेगा तो परिवार का नाम रोशन होगा।

दो भाइयों की मौत से पूरे गांव में छाया मातम
गांव में दो सगे भाइयों की मौत होने से ग्रामीणों में भी परिवार के साथ मातम छाया है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों भाई मिलनसार स्वभाव के थे। शाम को गांव के कई घरों में त्योहार के मौके पर भी चूल्हे नहीं जले। पुलिस भी खोजबीन कराने में जुटी है।



Source link