Body of married woman found hanging

फोटो 16:: माधुरी। फाइल फोटो

इटावा। कोतवाली क्षेत्र के मड़ैया शिवनारायण मोहल्ले में बृहस्पतिवार दोपहर विवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे के कुंडे से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। विवाहिता की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। मायके पक्ष ने पति और ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और मारपीट कर हत्या के बाद शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।


मड़ैया शिवनारायण निवासी टिंकू की पत्नी माधुरी (24) के घर बृहस्पतिवार दोपहर करीब सवा तीन बजे उसका भाई आशुतोष पहुंचा। पड़ोसी सुनीता देवी ने बताया घर का दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह अंदर पहुंचने पर कमरे में माधुरी का शव फंदे पर लटका मिला। यह देखकर भाई की चीख निकल गई। माधुरी की बड़ी बहन आशा ने बताया कि चार बहनों और दो भाइयों में माधुरी चौथे नंबर की थी। उसका मायका औरैया के अछल्दा थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में है।

आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराली अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करते थे। पति उसे बहनों से बात करने और मायके जाने से भी रोकता था। उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। आशंका जताई कि माधुरी की मारपीट कर हत्या करने के बाद शव फंदे पर लटकाया गया है। आशा ने बताया कि वह बुधवार को दिल्ली स्थित अपनी ससुराल जा रही थी।

इटावा पहुंचने पर उसने छोटे भाई आशुतोष को माधुरी से बात न होने पर उसके घर भेजा था। घटना के समय पति पल्लेदारी करने गया था, जबकि सास तीन दिन से शादी समारोहों में पूड़ी बनाने के काम से बाहर थी। सूचना पर सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने जांच कर साक्ष्य जुटाए। सीओ सिटी ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

अभी अभी की खबरें