बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: पिकअप से एंबुलेंस की जोरदार टक्कर, शव ले जा रहे 5 लोगों की मौत

हादसे की तस्वीर.

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. जयपुर से एक व्यक्ति का शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चालक समेत सभी 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) हैदरगढ़ भिजवाकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, इस घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर हाईवे पेट्रोलिंग और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबेहा थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 53.3 किलोमीटर के पास शनिवार सुबह तड़के हुआ. जयपुर से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस (RJ 14 PF 8529) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी पिकअप (UP 78 JT 6480) में पीछे से जोरदार तरीके से टकरा गई.

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकाला और तत्काल सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया.

हार्ट अटैक से हुई थी रिश्तेदार की मौत, शव लेकर जा रहे थे पश्चिम बंगाल

बताया जा रहा है कि एंबुलेंस में 38 वर्षीय अजीजुलहक का शव रखा हुआ था, जिनकी जयपुर में हार्ट अटैक से मौत हो गई थी. परिजन उनका शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह भीषण हादसा हो गया. इस दुर्घटना में एंबुलेंस सवार अमिनूर हक (40), हरिओम (33), रुपिक (50), मकबूल खान (62) और एंबुलेंस चालक आलम की मौत हो गई. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें: उज्जैन में फिर गरजा बुलडोजर शाही मकबरा समेत 12 से ज्यादा मस्जिदें-मजारें ध्वस्त, कोर्ट जाएगी कमेटी

एक्सप्रेसवे की हाईवे पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जैसे हाई-स्पीड कॉरिडोर पर सड़क किनारे खड़ी पिकअप से हुई इस टक्कर ने हाईवे पेट्रोलिंग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों और राहगीरों के बीच चर्चा है कि आखिर एक्सप्रेसवे पर पिकअप किन परिस्थितियों में खड़ी थी और क्या संबंधित पेट्रोलिंग टीम को इसकी जानकारी थी? फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है.

तन्वी गुप्ता

तन्वी गुप्ता

तन्वी गुप्ता मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला की रहने वाली हैं. स्कूल-कॉलेज धर्मशाला से करने के बाद शिमला में हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से MMC की पढ़ाई की. मीडिया में 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. चंडीगढ़, हैदराबाद में नौकरी करने के बाद फिलहाल दिल्ली में जॉब कर रही हैं.

प्रिंट, टेलीविजन के बाद 2017 से डिजिटल मीडिया के लिए काम कर रही हैं. इससे पहले आजतक, न्यूज18, द ट्रिब्यून, ईटीवी भारत और इंडिया न्यूज सहित कुछ अन्य मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं. क्राइम, इतिहास और साइंस एक्सपेरिमेंट्स की खबरों में खास रूचि है.

फिलहाल टीवी9 डिजिटल में बतौर असिस्टेंट न्यूज एडिटर काम संभाल रही हैं. नौकरी के अलावा खेल-कूद और घूमने फिरने में भी काफी दिलचस्पी है. नेशनल लेवल पर वॉलीबॉल और बैडमिंटन खेल चुकी हैं. साथ ही खो-खो खेल में भी स्टेट लेवल तक खेल चुकी हैं.

इसके अलावा एनसीसी ‘C’ सर्टिफिकेट प्राप्त है. गाना सुनना तो पसंद है ही. लेकिन सिंगिंग का भी शौक रखती हैं. स्कूल और कॉलेज लेवल पर सिंगिंग में भी काफी पुरस्कार मिल चुके हैं.

Read More



Source link

अभी अभी की खबरें