रसोई में मिठास घोलने वाले गुड़ और चीनी की कीमतों ने एक महीने में ही घरेलू बजट का जायका बिगाड़ दिया है। सादाबाद के बाजार में गुड़ 40 से बढ़कर करीब 70 रुपये किलो और चीनी 40 से बढ़कर करीब 60 रुपये किलो पहुंच गई है। यानी एक महीने में गुड़ करीब 30 रुपये और चीनी करीब 20 रुपये किलो महंगी हो गई है। रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली इन दोनों चीजों के दाम बढ़ने से घर का बजट प्रभावित होने लगा है।
गुड़ की कीमत में करीब 75 फीसदी, जबकि चीनी की कीमत में करीब 50 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। चाय से लेकर मिठाई और दूसरे खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाली चीनी और गुड़ महंगे होने का असर सीधे उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है।
गुड़ में सबसे ज्यादा उछाल
स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, एक महीने पहले तक गुड़ करीब 40 रुपये किलो बिक रहा था। अब इसकी कीमत करीब 70 रुपये किलो तक पहुंच गई है। चीनी भी इसी अवधि में करीब 40 से बढ़कर 60 रुपये किलो हो गई है। दुकानदार अभिषेक गर्ग और विष्णु अग्रवाल ने बताया कि पिछले कुछ समय में गुड़ और चीनी के थोक भाव में बढ़ोतरी हुई है। थोक बाजार में कीमत बढ़ने का असर खुदरा बाजार पर भी पड़ रहा है। बाजार भाव के अनुसार ही ग्राहकों को सामान दिया जा रहा है।
चाय से मिठाई तक बढ़ेगा खर्च
उपभोक्ता दीपक दीक्षित और कपिल गोयल का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम अचानक बढ़ना चिंता का विषय है। चीनी और गुड़ की कीमत बढ़ने से चाय, मिठाई और घरेलू उपयोग की दूसरी चीजों पर भी अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने बाजार में कीमतों की निगरानी बढ़ाने और जमाखोरी या कालाबाजारी की आशंका की जांच कराने की मांग की है।
प्रशासन की नजर
एसडीएम रितु सिंह ने बताया कि बाजार में जमाखोरी करने वालों पर नजर रखी जाएगी। कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी के कारणों की भी निगरानी की जाएगी।
