उरई। शहर के गोविंदम तिराहे पर सोमवार को ट्रक की टक्कर से बाइक सवार बैंक मैनेजर की मौत हो गई। ट्रक बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया। दो माह बाद उनकी शादी होनी थी।

शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोनी मंदिर के पास निवासी संदीप रेंजा के पुत्र आयुष गुप्ता (30) कुठौंद क्षेत्र के मदारीपुर स्थित यूपी ग्रामीण बैंक में शाखा प्रबंधक के पद पर तैनात थे। सोमवार को वह संकट मोचन मंदिर में दर्शन करने गए थे। लौटते समय गोविंदम तिराहे पर हाईवे पार करते वक्त झांसी की ओर से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां से चिकित्सकों ने झांसी रेफर कर दिया।

परिजन उन्हें लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला।

आयुष की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां अर्चना गुप्ता बेटे का शव देखकर खुद को संभाल नहीं सकीं। उन्होंने पहले बेटे का चेहरा दिखाने की गुहार लगाई। चेहरा देखते ही वह बिलख पड़ीं और कहने लगीं, ‘बेटा उठो, भैया उठो…।’ यह कहते-कहते वह अचेत हो गईं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में शादी की तैयारियों के बीच मातम पसर गया।

कोतवाली प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। उसके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *