बुलंदशहर में सिकंदराबाद-बुलंदशहर रोड पर बिलसुरी फ्लाईओवर पर बुधवार रात करीब 12 बजे एक सड़क हादसा हो गया। एक अज्ञात गाड़ी ने स्कूटी सवार युवक और युवती को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
.
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

नोएडा से अमरोहा जा रहे थे दोनों
दोनों की पहचान वरूण शर्मा पुत्र मेघ शर्मा , होली चौक जेवर थाना जेवर, गौतम बुद्ध नगर और राधिका सैनी पुत्री ब्रह्म सिंह, अमरोहा के रूप में हुई है। दोनों स्कूटी सवार नोएडा से अमरोहा जा रहे थे। बिलसुरी फ्लाईओवर पर अज्ञात गाड़ी ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवती की मौके पर ही जान चली गई। युवक सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा मिला।
विधायक ने रोका काफिला, घायल को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के समय सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह भी उसी रास्ते से गुजर रहे थे। हादसा देखकर उन्होंने अपना काफिला रोका और घायल युवक की मदद की। विधायक ने तुरंत एंबुलेंस को खबर दी और घायल को इलाज के लिए सीएचसी बुलंदशहर भेजा।

फरार चालक की तलाश शुरू
पुलिस को सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे को अंजाम देने वाली अज्ञात गाड़ी की तलाश कर रही है।
पुलिस हादसे के कारणों और गाड़ी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देख रही है।
