सीतापुर। चंडीगढ़ में हुई चोरी के मामले की जांच कर रही पंजाब एसटीएफ ने शनिवार सुबह सीतापुर के एक होटल में छापा मारकर दो महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया। टीम पांचों को अपने साथ ले गई। साथ ही होटल का डीवीआर भी कब्जे में ले लिया। सूत्रों के अनुसार इन पांचों ने मिलकर पंजाब राज्यपाल के एडीसी के घर को अपना निशाना बनाया था। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
शहर के जेलरोड ग्रीकगंज स्थित होटल निमिषा में शनिवार सुबह करीब 5.50 बजे पंजाब एसटीएफ ने दबिश दी। होटल के तीन कमरों में चंडीगढ़ के पांच लोग ठहरे हुए थे। इनमें चंडीगढ़ के सीआरपीएफ कैंपस के निकट गेट बहलाना निवासी सुनील कुमार, उसकी पत्नी निकिता, मकान नंबर छह रायफल क्लब निवासी अनु शर्मा पत्नी विनोद, हरियाणा के पानीपत के मकान नंबर 23 गली नंबर 18 विकास नगर निवासी सोमवीर और मकान नंबर 23 खवासकर निवासी मोहित शामिल थे।
यह पांचों लोग एक काली एसयूवी से शुक्रवार देर शाम 8.30 होटल पहुंचे थे और तीन कमरे लिए थे। इनमें सुनील व निकिता एक कमरे में रुके, जबकि अनु दूसरे कमरे में ठहरे। मोहित और सोमवीर अलग कमरे में ठहरे हुए थे। यहां रिसेप्शन पर संदिग्धों के बारे में पूछताछ के बाद कमरे से ही पांचों लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद कुछ देर तक पूछताछ की और फिर टीम पांचों को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। पंजाब पुलिस की टीम अपने साथ होटल का डीवीआर भी ले गई है।
सूत्रों के अनुसार बीते दिनों पंजाब के राज्यपाल के एडीसी के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। जिसके बाद से पुलिस टीमें संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी बीच इनकी लोकेशन सीतापुर मिलने पर टीम यहां आई। सीओ सिटी विनय यादव ने बताया कि पंजाब पुलिस के आने की सूचना है, लेकिन किस मामले में लोगों को पकड़ा गया है इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है। चोरी किए जाने की बात सामने आ रही है।
