फतेहपुर। असोथर थाना क्षेत्र के गड़रियनपुरवा गांव में किसान सीताराम पाल की गोली मारकर हत्या के मामले का खुलासा न होने पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव मिश्रा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनकी जगह पुलिस लाइन से इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार को असोथर का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
गड़रियनपुरवा गांव निवासी सीताराम पाल 11 अक्तूबर की रात अपने मुर्गी फार्म हाउस पर सोने गए थे। वहीं उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटनास्थल से संदिग्ध का भगवा अंगौछा और चप्पल बरामद हुई थीं, लेकिन पुलिस अब तक हत्याकांड का खुलासा नहीं कर सकी। परिजन और ग्रामीण लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सीताराम के बेटे आकाश ने 26 नवंबर को प्रयागराज के आईजी अजय मिश्रा से शिकायत की थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिता की हत्या का खुलासा करने की मांग पर स्थानीय पुलिस परिवार के लोगों को जेल भेजने की धमकी दे रही है। उन्होंने गांव के दो संदिग्धों की जांच दूसरे थाने की पुलिस से कराने की मांग भी की थी। शिकायत के बाद एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने शुक्रवार रात थाना प्रभारी राजीव मिश्रा को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस विभाग में चर्चा है कि हत्याकांड के बाद ही उन्हें हटाया जाना चाहिए था लेकिन कुछ समय का मौका दिया गया। एसपी ने बताया कि किसान हत्याकांड का खुलासा न कर पाने के कारण थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है।
