बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर (Bulandshahr) में तीन साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 11 बजे से लापता बच्ची (Missing Girl) का शव देर रात घर से कुछ दूरी पर एक किराये के कमरे में मिला। यह कमरा पड़ोस में रहने वाली महिला सोनाली का बताया जा रहा है। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर तंत्र-मंत्र के शक में हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। घटना से नाराज परिजनों ने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।

मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के अवंती नगर भूड़ मोहल्ले का है. पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर को बच्ची के लापता होने की सूचना मिली थी। परिवार के लोग सुबह करीब 11 बजे से उसकी तलाश कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बच्ची को खोजने में जुट गई। देर रात बच्ची का शव घर से करीब 40 मीटर दूर मिला।

बच्ची का शव रोहताश राजपूत के मकान में किराये पर रहने वाली सोनाली के कमरे से बरामद हुआ। घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। तंत्र-मंत्र से जुड़े एंगल की भी जांच की जा रही है। हालांकि, हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

मासूम का शव मिलने की खबर फैलते ही परिवार और मोहल्ले के लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर हंगामा किया। सूचना पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया और जाम खुलवाया।

पुलिस ने किराये पर रहने वाली महिला सोनाली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। बच्ची के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।



Source link