संवाद सूत्र, छतारी (बुलंदशहर)। खुर्जा से छतारी दोराहा तक स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण की कवायद शुरू हो गई है। सोमवार को राजस्व विभाग और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने कस्बे में सड़क किनारे बने मकानों और दुकानों की पैमाइश की। इस दौरान सड़क की निर्धारित सीमा में आ रहे निर्माणों को चिह्नित कर चूने से निशान लगाए गए।

साथ ही संबंधित लोगों को सीमा में आ रहे निर्माण स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए। छतारी के खुर्जा-छतारी मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर सोमवार को राजस्व विभाग की टीम कस्बे में पहुंची। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की मौजूदगी में टीम ने सड़क की निर्धारित सीमा के अनुसार पैमाइश कर सरकारी भूमि का चिह्नांकन किया। इस दौरान सड़क की सीमा में आ रहे मकान, दुकान, चबूतरे, टिनशेड और अन्य निर्माणों पर निशान लगाए गए।

पीडब्ल्यूडी की तरफ से सड़क के नक्शे के अनुसार फुटपाथ और नाले की चौड़ाई की जानकारी भी राजस्व विभाग की टीम को दी गई। पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता फैसल हफीज ने बताया कि खुर्जा से छतारी दोराहा तक स्टेट हाईवे को दस मीटर चौड़ा किया जाएगा। सड़क के दोनों ओर इंटरलाकिंग टाइल्स से फुटपाथ बनाया जाएगा।

इसके अलावा नालों का निर्माण भी कराया जाएगा। सड़क चौड़ी होने से कस्बे में आए दिन लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही आवागमन सुगम होगा। पैमाइश के बाद सड़क किनारे मकान और दुकान बनाने वाले लोगों में हलचल है। लोगों का कहना है कि सड़क की सीमा में आ रहे निर्माण हटाने के लिए उन्हें पर्याप्त समय दिया जाए।

जिससे वह अपना सामान और अन्य व्यवस्थाएं कर सकें। वहीं विभागीय अधिकारियों ने लोगों से चौड़ीकरण कार्य में सहयोग करने की अपील की है। इस दौरान पीडब्ल्यूडी के जेई फैसल हफीज, लेखपाल अनिल शर्मा, खगेश कुमार और नगर पंचायत के कर्मचारी रहे।



Source link

अभी अभी की खबरें