आगरा के सैंया में ग्वालियर हाईवे पर रविवार शाम करीब पाैने पांच बजे दर्दनाक हादसा हुआ। ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक बाइक पर बैठी महिला की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। हाईवे पर जाम लगा दिया।
आगरा के थाना सैंया क्षेत्र के गांव नगला चोबनिया निवासी किशन सिंह अपनी पत्नी गुड्डी के साथ रविवार की शाम पाैने पांच बजे बाइक द्वारा इटोरा स्थित एक निजी अस्पताल से अपने रिश्तेदार को देख कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। तभी सिकन्दरपुर के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर बैठी गुड्डी देवी (40) बाइक से सड़क पर गिर पड़ी।
तभी ट्रक का पहिया गुड्डी देवी के सिर को कुचलता हुआ निकल गया। घटना को देख ग्रामीण व राहगीर एकत्रित हो गए। सड़क पर शव रखने से यातायात ठप हो गया। हाईवे पर वाहनों का एक किमी लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इसके एक घंटे बाद यातायात शुरू हो सका। मृतका के दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। जिसमें एक पुत्र की शादी हो चुकी है। पुत्री की देवोत्थान पर शादी होनी थी ।