10:26 AM, 04-Sep-2026
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचे सीएम योगी
मथुरा में कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आराध्य का आशीर्वाद लिया।
10:12 AM, 04-Sep-2026
रोशनी से नहाये मंदिरों की आभा देखकर सभी चमत्कृत
रोशनी से नहाये इन मंदिरों की आभा हर किसी को आकर्षित कर रही थी। विद्युत झालरों से सजे इन मंदिरों को देख लोगों के कदम वहीं थम गए। उधर, सेवायत गोस्वामी उल्लास के साथ बधाई गुनगुनाते नजर आए। वृंदावन के प्राचीन सप्त देवालयों को शिखर से लेकर चौखट तक रंगबिरंगी झालरों से सजाया गया है। मंदिर के अंदर चौक और गर्भगृह को देशी-विदेशी सुगंधित पुष्पों और गुब्बारों से सजाया गया है।
10:04 AM, 04-Sep-2026
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर मुख्य उत्सव
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर मुख्य उत्सव का आयोजन होगा। यहां शुक्रवार सुबह 5:30 बजे से रात्रि 1:30 बजे तक निरंतर प्रवेश रहेगा। वहीं, ब्रज के सभी छोटे-बड़े मंदिर और चौराहों को भी सजाया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पुलिस, पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है। एजेंसियों के अनुमान के मुताबिक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु कृष्ण जन्मोत्सव के गवाह बनेंगे। लल्ला के स्वागत में पूरा ब्रज ही नहीं देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालु आतुर हैं। मथुरा-वृंदावन के प्रमुख मंदिरों में शुक्रवार मध्यरात्रि 12 बजे कन्हैया के जन्म लेते ही… हाथी-घोड़ा पालकी जय कन्हैयालाल की जयघोष गूंजने लगेगा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान, ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर, प्रेम व इस्कॉन मंदिर में दर्शन के लिए बृहस्पतिवार को ही हजारों लोग उमड़ पड़े और यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
09:56 AM, 04-Sep-2026
आज घर-घर जन्म लेंगे कृष्ण कन्हाई

मथुरा जन्माष्टमी
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आज घर-घर जन्म लेंगे कृष्ण कन्हाई, गूंजेगी मंगल बधाई। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर यह भावना समूचे ब्रज को झंकृत किए हुए है। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का उल्लास पूरे ब्रज में हिलोरें ले रहा है। हर ब्रजवासी अपने कान्हा के आगमन का पलक-पावड़े बिछाकर इंतजार कर रहा है। उनके स्वागत के लिए ब्रज स्वर्ग सा सज गया है। जगह-जगह तोरणद्वार और रंग बिरंगी रोशनी से शहर के समूचे मार्ग और चौराहे यहां तक की गलियां तक रोशन हैं। शुक्रवार मध्यरात्रि 12 बजे घर-घर कन्हाई जन्म लेंगे तो हर घर में मंगल बधाई गीत गूजेंगे। उनके दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु ब्रज में आ चुके हैं। यह सिलसिला निरंतर जारी है।
09:50 AM, 04-Sep-2026
मथुरा से जन्माष्टमी 2026: डबल इंजन की ये सरकार, कन्हैया पर करती है विश्वास, सीएम योगी जानें क्या बोले
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उल्लास चरम पर है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु कान्हा के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए ब्रज पहुंच चुके हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान समेत शहर के प्रमुख मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से जगमगा रहे हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह 10 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री सबसे पहले गो-पूजन करेंगे और इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद लेंगे।
