नेशनल हाईवे पर भावना एस्टेट के सामने सोमवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक पर जा रहे चचेरे भाइयों को टक्कर मार दी। ट्रक का पहिया एक युवक के पैरों पर चढ़ गया। वह तड़पते हुए लोगों से मदद की गुहार लगाता रहा। लोगों की भीड़ लग गई, जाम लग गया। पुलिस ने घायल को एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बाइक चला रहे भाई को हल्की चोट है। हादसेे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।


सोमवार को बिचपुरी निवासी जूता कारीगर राजेश (55) वाहन का चालान जमा कराने के लिए अपने चचेरे भाई चंद्रपाल के साथ दीवानी आए थे। शाम पांच बजे के करीब लौटते समय चंद्रपाल बाइक चला रहे थे। सर्विस रोड से नेशनल हाईवे पर आने के बाद भावना एस्टेट के सामने तेज गति से आ रहे ट्रक ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक असंतुलित होने से राजेश ट्रक की ओर गिरे और ट्रक का पहिया उनके पैरों के ऊपर से निकल गया।

चंद्रपाल दूसरी ओर गिरे और उनके मामूली चोट आई। चंद्रपाल भाग कर राजेश के पास आए। लोगों से मदद की गुहार लगाने लगे लेकिन कोई सामने नहीं आया। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। एसीपी हरीपर्वत बजरंग ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है। चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *