जागरण संवाददाता, महोबा। वैसे तो कई ऐसे मामले सामने आते रहते हैं जो अपने आप चर्चा में रहते हैं। लेकिन महोबा के इस मामले को सुनकर हर कोई आश्चर्यचकित है। थाने में एक पति और दो पत्नियों के बीच हुआ समझौता चर्चा का विषय बना है।

कस्बा कबरई के रहने वाले फिरोज ने पहली पत्नी के रहते दूसरा निकाह कर लिया। मामला थाने पहुंचा तो अनोखा समझौता हुआ। तय हुआ है कि फिरोज पहली पत्नी को अलग किराये के मकान में रखेगा और तीन दिन उसके साथ रहेगा। बच्चों को पालने का खर्च देगा। जबकि चार दिन दूसरी पत्नी के साथ रहेगा। दोनों पक्ष समझौते से संतुष्ट हैं।

कस्बा कबरई के मुहल्ला विवेकनगर निवासी अर्शी ने पति फिरोज पर दूसरी शादी करने और भरण पोषण से मुकरने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी। उसके पिता अजीज अहमद ने आरोप लगाया था कि बेटी व बच्चों को साथ रखने के एवज में पति फिरोज 20 लाख रुपयों की मांग कर रहा है। फिरोज ने दूसरी शादी जबलपुर निवासी महिला से करीब एक माह पहले की थी।

वह ट्रक की कमानी बनाने का काम करता है और कुछ दिन जबलपुर रहा था, जहां महिला से उसकी दोस्ती हो गई। पड़ोसियों के मुताबिक फिरोज तीन भाई हैं और उन्हें एक-एक कमरा मिला है। पहली पत्नी से उसका प्रेम प्रसंग चलता था और इस दौरान गर्भ ठहर गया। दबाव में करीब डेढ़ साल पहले उन्होंने शादी की।

पिता की बीमार और उसके साथ रहने के चलते कुछ दिन साथ में रखकर फिरोज ने पत्नी को किराए के मकान में रख दिया। वर्तमान में सितंबर माह में गर्भावस्था के चलते वह पिता के साथ रह रही है। जबकि दूसरी पत्नी फिरोज के साथ रह रही है। अर्शी का वर्तमान में 14 माह का बेटा है और वह वर्तमान में आठ माह की गर्भवती है।

थानाध्यक्ष कबरई संतोष सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौता कराया गया। आपसी सहमति बनी। पति ने पहली पत्नी के साथ सप्ताह में तीन दिन रहने और उसके सभी जरूरी खर्च उठाने की सहमति दी है। दोनो पक्ष समझौते से संतुष्ट हैं।



Source link

अभी अभी की खबरें