बरेली जिले में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है, जिससे शुक्रवार को झमाझम बारिश के बीच लोगों को उमस भरी गर्मी से तो बड़ी राहत मिली है, लेकिन जनजीवन भी प्रभावित रहा। शुक्रवार को सुबह से ही शहर में रुक-रुक कर बारिश का दौर चलता रहा, जो शाम होते-होते तेज बारिश में बदल गया और लगातार पानी बरसने के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त नजर आया। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश की संभावना है। इसके चलते जिला प्रशासन ने सभी स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।  

तापमान में गिरावट से सर्दी का अहसास

मौसम विभाग के मुताबिक, बृहस्पतिवार से शुरू हुई इस बारिश के चलते पिछले तीन दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जहां बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान लुढ़ककर 25.7 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री रहा। तापमान में करीब 9 डिग्री सेल्सियस तक की इस अचानक गिरावट के कारण लोगों को अब हल्की सर्दी का अहसास होने लगा है। 

रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने जिले में शनिवार के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत अत्यधिक बरसात, बिजली चमकने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही, रविवार के लिए भी मौसम विभाग की ओर से यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसे देखते हुए प्रशासन और आम नागरिकों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें