यूपी में अचानक मौसम ने करवट लिया और फिर जमकर तांडव मचाया। कहीं दीवार गिरी, कहीं छप्पर तो कहीं पेड़ गिरे। हरदोई में दो, उन्नाव जिले में छह, फतेहपुर में 10 और कानपुर देहात में दो लोगों की मौत हुई है।
तूफान ने बरपाया कहर, चार की मौत
उन्नाव जिले में 20 मिनट के तूफान ने जमकर कहर बरपाया। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में चार लोगों की मौत हो गई। आसीवन थानाक्षेत्र के बाबाखेड़ा निवासी अंश (9) पुत्र जगदीश भी अन्य बच्चों के साथ वहीं खेल रहा था। दोपहर करीब दो बजे अचानक से आई तेज आंधी से पास में खड़ा यूकेलिप्टस का पेड़ अंश पर गिरने के साथ अन्य बच्चों को भी चपेट में ले लिया। घटना की अंश की दबकर मौत हो गई। साथ ही बरहाखुर्द गांव निवासी रजेपाल (42) और मकबूलखेड़ा निवासी अमित (30) पुत्र लक्ष्मण उसी में दब गए। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाईड्रा की मदद से पेड़ उठवाकर सभी को बाहर निकलवाया और मियागंज सीएचसी भेजा।
दही थानाक्षेत्र के सिंघूपुर गांव निवासी रामआसरे (70) के गांव के बाहर खेत हैं। खेत में आम का पेड़ लगा था। बुधवार को वह खेत पर ही थे, तभी आई तेज आंधी से आम का पेड़ उन्हीं पर गिर गया और उसी के नीचे दब गए। घटना का पता चलने पर बेटा रविशंकर पिता को जिला अस्पताल लेकर गया, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसी क्षेत्र के पोंगहा गांव में सियाराम पुत्र कन्हई व मैता में विनोद कुमार पुत्र रामनरेश पर दीवार गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वृद्ध समेत दो और की मौत, आंधी के दौरान मरने वालों की संख्या छह हुई
उन्नाव में सदर तहसील के अकबरपुर दबौली गांव में पेड़ गिरने से चपेट में आकर 65 साल के बुजुर्ग छंगा की मौत हो गई। वहीं मियागंज ब्लॉक में आसीवन थाना के मकबूलखेड़ामें यूकेलिप्टस का पेड़ गिरने से घायल हुए बरहाखुर्द गांव के रजेपाल (42) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
