{“_id”:”6afe89647907d097520cada7″,”slug”:”akshaya-navami-rush-triggers-massive-traffic-jams-across-mathura-2026-11-19″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”यूपी: अक्षय नवमी पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, मथुरा की सड़कें हुईं जाम; घंटों जूझते रहे लोग”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

मथुरा जाम
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
अक्षय नवमी पर बुधवार को मथुरा में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। दूर-दराज के क्षेत्रों से परिक्रमा लगाने पहुंचे श्रद्धालुओं का रैला सुबह से ही सड़कों पर उमड़ पड़ा। हर तरफ जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयकारे गूंजते रहे।
सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु नंगे पांव परिक्रमा मार्ग पर आगे बढ़ते नजर आए। कहीं परिवार के साथ महिलाएं और बुजुर्ग पैदल चल रहे थे तो कहीं बच्चे अपने माता-पिता की उंगली थामे परिक्रमा में शामिल दिखे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पूरा परिक्रमा मार्ग भक्ति के रंग में रंगा रहा। भीड़ का सीधा असर शहर की यातायात व्यवस्था पर पड़ा। मछली फाटक से टैंक चौराहा, सदर चौराहा, बीएसए रोड, सौंख रोड और भूतेश्वर चौराहे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मसानी चौराहा, डीग गेट, होलीगेट, भरतपुर गेट और कृष्णा नगर की ओर जाने वाले मार्गों पर भी वाहन रेंगते नजर आए। आर्य समाज रोड से पुराने बस अड्डे तक हालात सबसे ज्यादा खराब रहे, जहां लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
जाम में एम्बुलेंस, स्कूली वाहन और दफ्तर जाने वाले लोग भी उलझे रहे। कई जगह लोगों को पैदल ही गंतव्य तक जाना पड़ा। बाजारों में भी खरीदारों और दुकानदारों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात पुलिसकर्मी जाम खुलवाने के लिए जूझते रहे, लेकिन श्रद्धालुओं और वाहनों की भारी संख्या के आगे व्यवस्थाएं कमजोर साबित हुईं। दोपहर तक कई मार्गों पर स्थिति बदहाल बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बड़े पर्व पर यही स्थिति बनती है। उन्होंने प्रशासन से पर्व के दिनों में वैकल्पिक मार्ग, डायवर्जन और पुख्ता यातायात योजना लागू करने की मांग की है।

