पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली। मेरठ, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद और बरेली में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। वहीं मेरठ और शामली में ओले गिरने की सूचना है, जबकि बिजनौर में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलीं। हालांकि, सोमवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों पर फिलहाल विराम लगने के आसार हैं। अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहने और धूप निकलने से दिन के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है।
