आगरा में बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में फंसा कार्ड निकलवाने के लिए मदद मांगना व्यक्ति को भारी पड़ गया। दीवार पर लिखे मोबाइल नंबर पर फोन करने पर जालसाजों ने कार्ड निकाला और खाते से 28 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर रकाबगंज पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।

मैनपुरी निवासी दीपक मिश्रा वर्तमान में ताजगंज क्षेत्र में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 11 जुलाई को सुबह करीब 11:15 बजे वह एमजी रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा के एटीएम पर बैंकिंग सुविधा अपडेट कराने गए थे। इसी दौरान उनका डेबिट कार्ड मशीन में फंस गया। 

एटीएम के पास दीवार पर लिखे मोबाइल नंबर पर उन्होंने फोन किया। फोन करने वाले ने बताया कि शाम चार बजे गाड़ी आने पर कार्ड निकल सकेगा। इसके बाद वह जरूरी काम से चले गए। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर खाते से 28 हजार रुपये निकलने के संदेश आए। वह एटीएम पहुंचे तो कार्ड नहीं था। एसीपी सदर अमीषा ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।

ठगी से बचने के लिए रहें सतर्क

एटीएम में डेबिट कार्ड फंस जाए तो केबिन में लिखे किसी अनजान मोबाइल नंबर पर फोन न करें। बैंक की अधिकृत हेल्पलाइन या शाखा से संपर्क करें। बैंक को सूचना देकर कार्ड ब्लॉक कराएं। खाते से आए संदेशों की निगरानी रखें और किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, पिन या बैंक संबंधी जानकारी न दें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *