UP: Tablets are being used to engage youth, with a budget provision of 2,374 crore rupees; CM says opportuniti

यूपी में टैबलेट वितरण।
– फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

उत्तर प्रदेश सरकार स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत युवाओं को 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरित करेगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में इसके लिए 2,374.60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस चरण के पूरा होने के बाद योजना के तहत टैबलेट और स्मार्टफोन पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या करीब 85 लाख हो जाएगी। वर्ष 2021 में शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक करीब 60 लाख विद्यार्थियों को डिजिटल उपकरण दिए जा चुके हैं। योजना में उच्च शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जुड़े विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा एमएसएमई, निर्यात प्रोत्साहन और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के पात्र विद्यार्थियों को भी इसका लाभ दिया जा रहा है। प्रदेश में स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी भी योजना के दायरे में हैं। इसके लिए आय और आयु की कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है।


टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पाठ्यक्रम, डिजिटल लाइब्रेरी, ई-बुक्स, वीडियो लेक्चर और वर्चुअल लैब जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे ग्रामीण और छोटे शहरों के विद्यार्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और ऑनलाइन प्रशिक्षण हासिल करने में मदद मिलेगी। डिजिटल उपकरणों के जरिये युवाओं को एआई, मशीन लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स, साइबर सिक्योरिटी और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे उभरते क्षेत्रों से जुड़े पाठ्यक्रमों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा कोडिंग, डिजिटल डिजाइन और डेटा विश्लेषण जैसे कौशल सीखने में भी मदद मिल सकेगी।

युवाओं को सरकारी योजनाओं, रोजगार और प्रशिक्षण के अवसरों की जानकारी देने के लिए युवा साथी पोर्टल भी संचालित किया जा रहा है। इस पोर्टल पर छात्रवृत्ति, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप, व्यावसायिक प्रशिक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं और कॅरिअर काउंसिलिंग से संबंधित जानकारियां उपलब्ध हैं। विद्यार्थी यहां योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।



Source link

अभी अभी की खबरें