मानसून की विदाई के बाद भी हो रही बारिश पर फाैरी ताैर पर विराम लगता दिख रहा है। प्रदेश में बादलों की आवाजाही के बीच धूप निकलने से मौसम में राहत है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद पूर्वी और मध्य यूपी में अगले पांच दिन मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी यूपी में रविवार के बाद अगले तीन दिन बारिश की गतिविधियां थम सकती हैं। हालांकि, नए विक्षोभ के सक्रिय होने से 14 से 16 अक्तूबर के बीच पश्चिमी यूपी में फिर बूंदाबांदी की संभावना है।
इस बीच शनिवार सुबह पश्चिमी और पूर्वी तराई के कुछ जिलों में बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर तक ज्यादातर जगह धूप निकल आई। 28 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ मुरादाबाद प्रदेश में सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं, हरदोई में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
