प्रदेश के ऊर्जा निगमों में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मी अब 55 के बजाय 60 वर्ष की उम्र तक काम कर सकेंगे। साथ ही पूर्व में हटाए गए पात्र कर्मियों को भी दोबारा काम पर रखने का अवसर मिलेगा। पाॅवर कॉर्पोरेशन ने अध्यक्ष रणवीर प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया। इससे प्रदेश के 50 हजार से अधिक कर्मियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

बैठक में पाॅवर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों और निविदा/संविदा कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के बीच आउटसोर्स कर्मियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। तय किया गया कि 60 वर्ष की आयु तक कार्य करने के इच्छुक कर्मियों को पंजीकृत मेडिकल प्रैक्टिशनर से स्वास्थ्य एवं फिटनेस प्रमाणपत्र लेना होगा। यह प्रमाणपत्र संबंधित आउटसोर्स एजेंसी को देना होगा। साथ ही कर्मचारी को लिखित घोषणा देनी होगी कि वह कार्य करने में सक्षम और इच्छुक है। एजेंसी द्वारा ऐसे कर्मियों की जानकारी कॉर्पोरेशन को उपलब्ध कराने के बाद उन्हें काम पर रखने में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए आउटसोर्स एजेंसियों के साथ होने वाले अनुबंधों में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।

शिकायत रहित कर्मियों को मिलेगी प्राथमिकता

पूर्व में हटाए गए कर्मियों को दोबारा काम पर रखने पर भी सहमति बनी। हालांकि, ऐसे ही कर्मियों पर विचार किया जाएगा, जिनके खिलाफ पिछले कार्यकाल में कर्तव्य के प्रति लापरवाही, उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार, अनुशासनहीनता, बिजली चोरी में संलिप्तता, धन उगाही, अनुचित आचरण या बिलिंग संबंधी कदाचार की शिकायत नहीं रही हो। पुनर्नियुक्ति से पहले संबंधित डिस्कॉम कर्मियों के पुराने अभिलेखों का सत्यापन करेगा।

छह माह में एटीएंडसी हानियां 10 प्रतिशत घटाने का लक्ष्य

बैठक में 33/11 केवी उपकेंद्रों पर तैनात कर्मियों के कार्य में सुधार और राजस्व वसूली बढ़ाने पर जोर दिया गया। निर्बाध बिजली आपूर्ति, विद्युत दोषों का त्वरित निस्तारण, पर्याप्त मानव संसाधन, आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार, लाइन लॉस में कमी और थ्रू-रेट बढ़ाने में कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण बताई गई। कॉरपोरेशन ने आगामी छह माह में एटीएंडसी हानियों में 10 प्रतिशत की कमी लाने का लक्ष्य रखा है। कर्मचारी संगठन ने राजस्व लक्ष्य पूरा करने और इन सुधारों में सहयोग का भरोसा दिया। बैठक में प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार, ट्रांसमिशन के प्रबंध निदेशक मयूर माहेश्वरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कर्मचारी संगठनों की ओर से मो. खालिद, सुरेंद्र पांडेय और देवेंद्र कुमार पांडेय सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें