विधानसभा चुनाव-2027 से पहले प्रदेश में भाजपा और सपा के बीच सियासी टकराव तेज होने के संकेत हैं। भाजपा नेताओं के उस दावे के जवाब में कि चुनाव में सपा को सीमित कर दिया जाएगा, सपा ने अब आक्रामक पलटवार की रणनीति तैयार की है। पार्टी ने इसके लिए सपा करेगी साफ नाम से अभियान चलाने का फैसला किया है। इसके जरिये सपा भाजपा के राजनीतिक हमलों का जवाब देने के साथ ही सरकार को जनहित के मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सपा नेतृत्व ने तय किया है कि भाजपा की ओर से आने वाले हर आरोप, बयान और राजनीतिक हमले का तथ्यों के साथ तत्काल जवाब दिया जाएगा। इसके लिए पार्टी की डिजिटल विंग को खास तौर पर सक्रिय किया गया है। भाजपा नेताओं के भाषण, प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया पोस्ट पर नजर रखकर जवाबी कंटेंट तैयार किया जाएगा। सपा की रणनीति केवल आरोपों के जवाब तक सीमित नहीं रहेगी। पार्टी बेरोजगारी, महंगाई, कानून-व्यवस्था और किसानों की समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बनाकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। पार्टी का कहना है कि इन मुद्दों को जनता के बीच लगातार उठाया जाएगा।

एआई वीडियो पर भी जवाबी तेवर

सोशल मीडिया पर बढ़ते एआई आधारित कंटेंट को लेकर भी सपा ने अपनी रणनीति स्पष्ट की है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि यदि सत्ता पक्ष की ओर से आपत्तिजनक एआई वीडियो बनाकर प्रचार किया गया तो सपा भी वीडियो के जरिये उसी अंदाज में जवाब देगी। पार्टी नेताओं का दावा है कि भाजपा अपनी सरकार की विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए व्यक्तिगत हमलों का सहारा ले रही है। वहीं, ‘सपा करेगी साफ’ अभियान से साफ है कि 2027 के चुनाव तक भाजपा-सपा के बीच राजनीतिक और डिजिटल मुकाबला और तीखा होने वाला है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें