फिल्मों में काम मांगने के लिए अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान और पीए को फोन कर धमकाने व चेन लूट के आरोपी हिस्ट्रीशीटर को गाजीपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील का गुर्गा बताता था।
इंस्पेक्टर राजेश मौर्या ने बताया कि आरोपी प्रयागराज के शाहगंज के मो. शाहरुख पर 25 हजार रुपये का इनाम था। उसने तीन सप्ताह पहले इंदिरानगर में इरम स्कूल के पास महिला की चेन लूटी थी। पुलिस की टीम बृहस्पतिवार को बंधा रोड पर मजार के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक आते दिखी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बाइक चला रहा शाहरुख भागने लगा, लेकिन वह पकड़ में आ गया। उससे लूटी चेन, आठ हजार रुपये बरामद हुए हैं।
शाहरुख के खिलाफ करेली, खुल्दाबाद, शाहगंज और धूमनगंज थानों में रंगदारी, हत्या का प्रयास, बमबाजी, जैसे 20 मामले हैं। वर्ष 2018 में उसने सलमान खान के पिता सलीम खान, पीए को धमकी दी थी। बांद्रा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी किया था। अगस्त 2019 में शाहरुख ने कारोबारी हमदान पर जानलेवा हमला भी किया था। वह कई बार मुठभेड़ में पकड़ा जा चुका है।
माफिया अतीक के लिए जान लेने की कही थी बात
इंस्पेक्टर ने बताया कि वर्ष 2023 में आरोपी का ऑडियो और फोटो वायरल हुई थी। ऑडियो में उसने माफिया अतीक अंसारी के लिए जान देने और लेने की बात कही थी। फोटो में शाहरुख कार में सवार होकर सरेआम रिवॉल्वर लहराते हुए नजर आया था।
