माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया में परिषद स्तर से बदलाव किया गया है। बोर्ड ने केंद्रों के निर्धारण के लिए संशोधित समय सारिणी जारी कर दी है। जनपद के प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची 22 अक्तूबर को ऑनलाइन जारी की जाएगी।
संशोधित समय सारिणी के मुताबिक, 12 अक्तूबर को जिलाधिकारी द्वारा गठित तहसील स्तरीय समितियों के माध्यम से दावेदार विद्यालयों के आधारभूत ढांचे सीसीटीवी कैमरे, वॉइस रिकॉर्डर, बाउंड्रीवॉल, मुख्य मार्ग से कनेक्टिविटी, पेयजल और शौचालय का स्थलीय भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन के बाद रिपोर्ट परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। 22 अक्तूबर को छात्र आवंटन की संख्या सहित पहली केंद्र सूची सार्वजनिक की जाएगी। 23 को दागी और डिबार परीक्षा केंद्रों की अधिकृत सूची जारी होगी।
28 अक्तूबर से निर्धारित केंद्रों को लेकर छात्र, अभिभावक और स्कूल प्रबंधकों से ऑनलाइन आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। आपत्तियों का निस्तारण छह नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 16 नवंबर को संशोधित और 27 नवंबर को केंद्रों की अंतिम सूची जारी होगी।
प्रभारी डीआईओएस नीरज गोयल ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से केंद्र निर्धारण की संशोधित समय सारिणी प्राप्त हो चुकी है। मानक विहीन विद्यालयों को केंद्र नहीं बनाया जाएगा। तहसील स्तरीय समितियों की भौतिक सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर ही अग्रिम प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
