Yogi Government Scheme for Workers: कड़कड़ाती ठंड और शीतलहर के बीच अब उत्तर प्रदेश के निर्माण श्रमिकों और प्रवासी मजदूरों को खुले आसमान के नीचे या फुटपाथ पर रात गुजारने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के 18 प्रमुख महानगरों में 1 दिसंबर से निशुल्क अस्थायी लेबर अड्डे शुरू होने जा रहे हैं, जहां श्रमिकों को न केवल गर्माहट भरा सुरक्षित आश्रय मिलेगा, बल्कि रात में ताजा और पौष्टिक भोजन भी मुफ्त दिया जाएगा. खास बात यह है कि बिना विभागीय पंजीयन वाले मजदूर भी महज एक वैध पहचान पत्र दिखाकर इस योजना का लाभ उठा सकेंगे.

दो माह तक संचालित रहेगी यह विशेष व्यवस्था
इस संबंध में श्रम विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल ने सभी संबंधित 18 जनपदों (गोरखपुर, आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, बरेली, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर, शाहजहांपुर, वाराणसी एवं गौतमबुद्धनगर) के जिलाधिकारियों को परिपत्र जारी कर दिया है. दिसंबर व जनवरी की कड़कड़ाती ठंड के दौरान अब किसी भी निर्माण श्रमिक या प्रवासी मजदूर को खुले आसमान के नीचे या सड़क किनारे रात नहीं गुजारनी पड़ेगी. यह विशेष व्यवस्था आगामी 1 दिसंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक, कुल दो माह के लिए अस्थायी रूप से संचालित की जाएगी.

ये भी पढ़ें: ‘2047 तक न तो UP और न ही देश की कुर्सी खाली’, राहुल-अखिलेश के लिए ये क्या बोल गए यूपी के डिप्टी सीएम

बिना पंजीयन वाले प्रवासी श्रमिक भी उठा सकेंगे लाभ
रोजगार की तलाश में बड़े शहरों में आने वाले प्रवासी मजदूरों के पास विभागीय पंजीयन न होने के कारण वे सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं. इस समस्या को ध्यान में रखते हुए शासन ने नियमों को बेहद सरल बनाया है. इस योजना के तहत राजमिस्त्री, बेलदार, मजदूर, बढ़ई, प्लम्बर, पेंटर, इलेक्ट्रिशियन, लोहार, टाइल्स कारीगर सहित भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े सभी श्रमिक और प्रवासी कामगार पात्र होंगे.

यदि किसी श्रमिक का श्रम विभाग में पंजीयन नहीं है, तो भी वह कोई वैध पहचान पत्र दिखाकर निशुल्क रात्रि विश्राम की सुविधा प्राप्त कर सकेगा. सभी लेबर अड्डों पर श्रमिकों के तत्काल पंजीयन और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी.

रेलवे व बस स्टेशनों के पास बनेंगे 30 और 60 बेड के केंद्र
संबंधित जिलाधिकारियों को स्थानीय आवश्यकता और श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों को देखते हुए इन अस्थायी लेबर अड्डों की संख्या और स्थान तय करने का अधिकार दिया गया है. इनकी स्थापना रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, प्रमुख श्रमिक मंडियों, बड़े निर्माण स्थलों और औद्योगिक क्षेत्रों के नजदीक की जाएगी, ताकि काम की तलाश में भटकने वाले मजदूरों को आसानी से आश्रय मिल सके.

विज्ञापन

इन 18 शहरों में आवश्यकता के अनुसार 30 बेड या 60 बेड की क्षमता वाले एक या एक से अधिक लेबर अड्डे स्थापित किए जा सकेंगे. महिला और पुरुष श्रमिकों के ठहरने के लिए अलग-अलग और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. इसके लिए जीआई शीट, बांस-बल्ली और टिन शेड से अस्थायी संरचना तैयार की जाएगी या उपयुक्त सरकारी व निजी भवनों को किराए पर लिया जाएगा.

गद्दा-कंबल और हीटिंग के साथ मिलेगा मुफ्त गर्म भोजन
अस्थायी लेबर अड्डों में ठहरने वाले श्रमिकों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा और उन्हें घर जैसी बुनियादी सुविधाएं दी जाएंगी. श्रमिकों को ठंड से बचने के लिए गद्दा, चादर, तकिया और पर्याप्त संख्या में कंबल उपलब्ध कराए जाएंगे. केंद्रों पर 24 घंटे स्वच्छ पेयजल, क्रियाशील शौचालय और स्नानागार की व्यवस्था रहेगी. ठंड से बचाव के लिए सुरक्षित हीटिंग की व्यवस्था भी की जा सकेगी, जिसमें अग्नि और विद्युत सुरक्षा के मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा ताकि किसी प्रकार की अनहोनी या कार्बन मोनोऑक्साइड विषाक्तता की स्थिति न बने.

लेबर अड्डे में आश्रय के साथ-साथ श्रमिकों के भोजन का भी पूरा इंतजाम किया जाएगा. यहां ठहरने वाले पात्र श्रमिकों को रात्रि के समय ताजा, गर्म और पौष्टिक भोजन निशुल्क दिया जाएगा. भोजन की व्यवस्था सामुदायिक रसोई, स्वयं सहायता समूहों या अधिकृत स्थानीय एजेंसियों के माध्यम से की जाएगी, जिसके लिए प्रति श्रमिक अधिकतम 70 रुपये की लागत निर्धारित की गई है.

प्रत्येक जनपद को आवंटित हुई 10 लाख रुपये की अग्रिम राशि
डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र योजना के सुचारु संचालन के लिए उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के उपकर कोष से बजट जारी किया गया है. शासन द्वारा अग्रिम के रूप में प्रत्येक चयनित जनपद को 10 लाख रुपये की धनराशि आवंटित की गई है. वित्तीय मानकों के तहत दो माह के संचालन हेतु 30 बेड वाले केंद्र के लिए कुल 5 लाख 92 हजार रुपये (5 लाख आवास व व्यवस्था हेतु तथा 92 हजार भोजन हेतु) और 60 बेड वाले केंद्र के लिए कुल 8 लाख 32 हजार रुपये (6.50 लाख आवास व व्यवस्था हेतु तथा 1.82 लाख भोजन हेतु) निर्धारित किए गए हैं.



Source link

अभी अभी की खबरें