UP Voter Name Addition: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान को लेकर प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है. चंदौली और उन्नाव में अधिकारी खुद जमीन पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं. दोनों जिलों की अब तक की प्रगति काफी उत्साहजनक है, जहां कुल मिलाकर 1 लाख 15 हजार से अधिक नए नाम सूची में शामिल किए जा चुके हैं. प्रशासन की कोशिश है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए.

उन्नाव में अकेले 70 हजार नए वोटर्स जोड़ने की कायवाद चल रही है. डीएम खुद निगरानी में जुटेहुए हैं.

उन्नाव में जिलाधिकारी घनश्याम मीना और एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा ने विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान सभी बूथों पर बीएलओ मौजूद मिले और लोग उत्साह के साथ अपने फॉर्म जमा करते दिखे. घनश्याम मीना ने बताया कि जिले में अब तक लगभग 70 हजार नए मतदाताओं के नाम दर्ज हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य अधिकतम पात्र लोगों को सूची से जोड़ना है, ताकि आगामी चुनावों में हर कोई वोट डाल सके.

डीएम के मुताबिक, 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवा बेहद महत्वपूर्ण हैं और कोई भी नौजवान छूटना नहीं चाहिए. इसके लिए कॉलेजों में विशेष कैंप लगाए गए हैं, साथ ही डोर-टू-डोर अभियान भी चल रहा है. ग्रामीण इलाकों में पंचायत स्तर पर और शहरी क्षेत्रों की नगर पालिका व नगर पंचायतों में वार्ड के हिसाब से टीमें काम कर रही हैं. जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए स्थानीय नागरिकों का भी पूरा सहयोग लिया जा रहा है.

विज्ञापन

चंदौली में 1,673 बूथों पर हेल्प डेस्क, एक लाख का लक्ष्य
दूसरी ओर, चंदौली में भी जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने बूथों पर पहुंचकर बीएलओ को जरूरी दिशा-निर्देश दिए. जिले के सभी 1,673 मतदान केंद्रों पर खास हेल्प डेस्क बनाई गई है, जहां कर्मचारी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहकर लोगों की मदद कर रहे हैं. यहां अब तक करीब 45 हजार नए वोटर जुड़ चुके हैं. प्रशासन ने इस आंकड़े को बढ़ाकर 90 हजार से एक लाख तक ले जाने का बड़ा लक्ष्य रखा है.

सास-बहू सम्मेलन और चौपाल से जागरूकता की अनूठी पहल
चंदौली में महिला मतदाताओं और 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष के होने वाले युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. छूटे हुए पात्र लोगों की पहचान के लिए घर-घर सर्वे की कवायद तेज कर दी गई है. आम जनता को प्रेरित करने के लिए स्कूल-कॉलेजों के अलावा गांवों में महिला चौपाल और सास-बहू सम्मेलन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इसके साथ ही 325 इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से भी लोगों को पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है.



Source link

अभी अभी की खबरें