फिरोजाबाद में स्वाइन फ्लू संक्रमित शहर के मोहल्ला गंज निवासी 69 वर्षीय व्यापारी की सोमवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई। वह राजकीय मेडिकल कॉलेज के स्वाइन फ्लू आइसोलेशन वार्ड में भर्ती थे। परिजन सोमवार रात में उनको एक प्राइवेट ट्रामा में ले गए। वहां उनकी मौत हो गई।
मृतक व्यापारी पिछले कई दिनों से गुर्दे (किडनी) और बीपी की बीमारी से पीड़ित थे, जिसके चलते उनका इलाज जयपुर के दुर्लभजी अस्पताल में चल रहा था। 26 अगस्त को जांच में उनमें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। हालत अधिक बिगड़ने पर डॉक्टरों की सलाह के बाद परिजन उन्हें रविवार रात करीब नौ बजे फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज लेकर आए थे, जहां डॉक्टरों की टीम की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था।
व्यापारी की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। विभाग की टीमों ने मृतक के परिजनों और उनके संपर्क में आए लोगों की स्क्रीनिंग शुरू कर दी है, ताकि संक्रमण के प्रसार को समय रहते रोका जा सके। अधिकारियों ने परिजनों व संपर्क में रहे लोगों को आवश्यक एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। वहीं, इससे पहले लखनऊ में भी स्वाइन फ्लू से एक मरीज की मौत का मामला सामने आया था।
