भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा की दस सीटों के चुनाव के लिए आठ उम्मीदवारों की घोषणा के साथ सिर्फ उच्च सदन का गणित नहीं साधा है, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव से लेकर 2029 के लोकसभा चुनाव तक के लिए राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है।

सूची में पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देकर पार्टी ने मूल काडर को भरोसा दिलाया है कि संगठन में लंबी पारी और निष्ठा का सम्मान होगा। अगड़ों के बीच बनी नाराजगी को थामने के साथ पिछड़े और दलित वर्गों को भी मजबूती से जोड़े रखने की कवायद की है।

पार्टी ने मौजूदा आठ राज्यसभा सदस्यों में किसी को दोबारा मौका नहीं दिया। केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह जैसे पश्चिमी यूपी के प्रभावशाली चेहरों को भी सूची से बाहर रखा। इसके उलट कैबिनेट मंत्री धर्मपाल को राज्यसभा भेजकर पार्टी ने पश्चिमी यूपी में पिछड़े नेतृत्व की नई धुरी खड़ी करने का संकेत दिया है। वहीं, रुहेलखंड के कद्दावर कुर्मी नेता और झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की पुत्री श्रुति के चयन ने परिवारवाद और संगठनात्मक निष्ठा के बीच भाजपा की कसौटी को लेकर नया सवाल खड़ा कर दिया है।

यह सूची इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के निर्णायक दौर में है। ऐसे समय में राज्यसभा के लिए चेहरे चुनना महज दिल्ली भेजने की कवायद नहीं, बल्कि अलग-अलग सामाजिक समूहों, क्षेत्रों और संगठनात्मक धड़ों को संदेश देने का जरिया भी है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लोधी समाज के नेतृत्व को लेकर पिछले कुछ समय से बीएल वर्मा और राजवीर सिंह के बीच राजनीतिक दूरी और वर्चस्व की चर्चाएं रही हैं। बीएल वर्मा कभी कल्याण सिंह के करीबी रहे, जबकि राजवीर सिंह पिता की राजनीतिक विरासत के स्वाभाविक दावेदार माने जाते हैं। दोनों का राज्यसभा सूची से बाहर रहना सामान्य घटनाक्रम नहीं हो सकता।

इसके उलट आंवला से कई बार विधायक रहे पशुधन मंत्री धर्मपाल को राज्यसभा भेजने का फैसला पश्चिमी यूपी के लोधी मतदाताओं के बीच नेतृत्व के नए चेहरे को आगे बढ़ाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें