झांसी। रक्सा थाना क्षेत्र के ढिकौली गांव में चोरों ने रविवार रात दो पीआरडीकर्मी (प्रांतीय रक्षक दल) समेत तीन घरों का ताला तोड़कर लाखों के सोने-चांदी के जेवरात उड़ा दिए। एक ही रात तीन घरों का ताला टूटने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर जा पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

प्रेमनगर थाने में तैनात पीआरडीकर्मी रवि परिहार परिवार के साथ ढिकौली गांव में रहते हैं। रविवार रात प्रेमनगर थाने की नाइट ड्यूटी पर चले गए। घर में पत्नी सपना आौर दोनों बेटियां सो रही थीं। रात करीब बारह बजे चोर खेतों के रास्ते से आए। दीवार फांदकर घर के अंदर घुस गए।

बाहर से बंद की कमरे की कुंडी

सपना के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। दूसरे कमरे में घुसकर चांदी की पायल, हाफ पेटी, चेन समेत आलमारी में रखे 60 हजार नकद उड़ा दिए। सुबह घर के बाहर की कुंडी लगी होने पर सपना ने फोन करेक जेठानी को बुलाया, तब घटना का पता चला।

कूलर की आवाज में चोरों की आहट का पता नहीं चला

रात में ही चोर रवि के पड़ोस में रहने वाले कल्लू परिहार के घर भी जा घुसे। बरामदे में पत्नी हिमांशु, बेटी और बेटा सो रहे थे। कूलर की तेज आवाज से उनको आहट नहीं सुनाई दी। चोरों ने दो कमरों में रखे बक्से और अलमारी के ताले तोड़कर सोने का मंगलसूत्र समेत अन्य जेवरात उड़ा दिए। वहीं, चोर गांव में रहने वाले पीआरडीकर्मी बृगपाल परिहार के घर जा घुसे। बृगपाल झांसी में रहकर प्राइवेट कंपनी की सुरक्षा में तैनात हैं। घर पर उनकी बुजुर्ग मां, भाई और बहन सीमा रहती हैं। तड़के पांच बजे गांव में शोर सुनकर सीमा की नींद टूटी। उनके भी दो कमरों के ताले टूटे हुए थे। कमरे के अंदर पूरा सामान बिखरा हुआ था। चोर आलमारी से तीन जोड़ी पायल, एक मंगलसूत्र, दो झुमकी और नकदी समेट ले गए।

पुलिस को मिला बदमाशों का सुराग

सूचना मिलने पर डायल-112 समेत रक्सा थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। थाना प्रभारी के मुताबिक गांव के लोगों से अहम सुराग मिला है। उसके आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।

0000

गांव में 40 पीआरडीकर्मी, छह हजार आबादी, पर सीसीटीवी कैमरे नहीं

रक्सा का ढिकौली गांव की आबादी करीब छह हजार है। इस गांव में 40 पीआरडीकर्मियों के आवास हैं। इसके बावजूद सुरक्षा के लिहाज से पूरे गांव में कोई भी सीसीटीवी कैमरा नहीं है। चोरी की घटना के बाद जब पुलिस ने कैमरों की तलाश शुरू की, तब उसको कोई भी कैमरा नहीं मिला। कैमरों के न होने की वजह से पुलिस को चोरों के आने और जाने के रास्ते के बारे में भी सटीक जानकारी नहीं मिल सकी। छानबीन करने पर मालूम चला कि चोर गांव के बाहरी रास्ते से होते हुए अंदर घुसे। वारदात के बाद दूसरे रास्ते से वह बाहर निकल भागे। पुलिस उनका सुराग लगा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें