कानपुर देहात में रविवार सुबह युवक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान सुशील के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। कहा- शिकायत के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
.
मूसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर में भोगनीपुर सीओ राजीव सिरोही और एसडीएम देवेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। मामला मूसानगर थाना क्षेत्र के कस्बा गौसगंज के वार्ड नंबर-1 का है।

युवक की मौत के बाद परिवार और गांव वालों ने हंगामा किया। पुलिस मौके पर पहुंची।
छोटे भाई की कोर्ट मैरिज के बाद शुरू हुआ विवाद
मृतक की मां शिवकांति के मुताबिक, उनके छोटे बेटे अनुज ने 7 अगस्त को मोहल्ले की रहने वाली शालू पुत्री महाजन से कोर्ट मैरिज की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से शालू के परिवार के लोग उनके परिवार को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दे रहे थे।
परिजनों के अनुसार, इसी विवाद को लेकर 12 अगस्त को मूसानगर थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था। इसके बावजूद धमकियों और गाली-गलौज का सिलसिला जारी रहा।
सुशील ने 14 अगस्त को थाने में शिकायत देकर छोटे भाई अनुज और शालू की शादी के बाद परिवार को मिल रही धमकियों की जानकारी पुलिस को दी थी। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की।

पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की।
रात में थाने पहुंचे 70 से ज्यादा लोग, सुबह मिला शव
मृतक की मां शिवकांति का आरोप है कि शनिवार रात करीब 50 महिलाएं और 20 पुरुष शिकायत लेकर मूसानगर थाने पहुंचे थे। परिवार का कहना है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।
मृतक के भाई सुदीप ने आरोप लगाया कि थाने में उनकी शिकायत सुनने के बजाय पुलिसकर्मियों ने उन्हें ही डांटकर वापस भेज दिया। उनके मुताबिक, थाना प्रभारी ने थाने पहुंचे लोगों के नाम लिखने और वीडियो बनाने की बात कही और कार्रवाई की चेतावनी दी।
परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11 बजे सुशील से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल संपर्क नहीं हुआ। रविवार सुबह करीब 7 बजे उसका शव घर के पीछे पेड़ पर फंदे से लटका मिला।

परिजनों ने हत्या की आशंका जताई
सुशील के भाई सुदीप का आरोप है कि अनुज के कोर्ट मैरिज करने के बाद से ही शालू के परिवार की ओर से धमकियां दी जा रही थीं। परिवार का कहना है कि लगातार शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। सुशील की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते धमकियों की शिकायत पर कार्रवाई की जाती तो शायद सुशील की जान बच सकती थी।
सीओ और एसडीएम ने संभाला मोर्चा
युवक का शव मिलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जुट गए। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई। स्थिति को देखते हुए सीओ भोगनीपुर राजीव सिरोही और एसडीएम देवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

युवक का शव मिलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जुट गए।
एसपी बोलीं- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
कानपुर देहात की एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि एक बालिग युवक-युवती ने घर से जाकर शादी की थी। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। युवक के बड़े भाई का शव फंदे पर लटका मिला है।
एसपी के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सुशील ने आत्महत्या की या उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
