जिले में जल जीवन मिशन के तहत 1,74,210 ग्रामीण परिवारों को नियमित रूप से नल से जलापूर्ति की जा रही है। योजना के अंतर्गत अब तक 184 गांवों में जलार्पण हो चुका है। वहीं, शेष गांवों में पाइपलाइन बिछाने और जलापूर्ति व्यवस्था शुरू करने का काम जारी है। जल निगम (ग्रामीण) ने मार्च 2027 तक शेष कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

विभाग का दावा है कि जिले में कुल 2,45,049 ग्रामीण परिवार हैं। इनमें से 2,40,290 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। कुल 674 गांवों में से 47 गांवों में पुरानी जल निगम योजना से पानी पहुंचाया जा रहा है। शेष 627 गांवों में जल जीवन मिशन के तहत काम कराया जा रहा है। फिलहाल 68 योजनाओं का कार्य प्रगति पर है। वहीं, 225 गांवों में पानी की गुणवत्ता जांचने का काम चल रहा है और 205 गांवों में नल से जल पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।

—-इनसेट—

महिलाओं को मिली राहत

योजना से ग्रामीण परिवारों को पानी के लिए दूरदराज के हैंडपंपों और अन्य जलस्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं को पानी भरने के लिए होने वाली भागदौड़ से राहत मिली है।

—वर्जन—

टीमों ने गांवों में स्थलीय निरीक्षण के साथ ग्रामीणों को जल संरक्षण, स्वच्छता और पानी की गुणवत्ता के प्रति जागरूक किया है। पानी की बर्बादी रोकने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। शेष कार्यों को तेजी से पूरा कराया जा रहा है। लक्ष्य मार्च 2027 तक सभी कार्य पूरे करने का है। – संदीप सिंह, अधिशासी अभियंता



Source link