750 traffic challans settled in a special Lok Adalat via the Payment Setu app

फोटो:36: लोक अदालत में काउंटर पर लगी भीड़। संवाद
– फोटो : File Photo

कन्नौज। यातायात चालानों से संबंधित लंबित वादों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। यहां वाहन स्वामियों को सरल, सुलभ एवं त्वरित न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से अपने लंबित ट्रैफिक चालानों का निस्तारण कराने का मौका मिला।


जिला एवं सत्र न्यायालय में शनिवार को आयोजित विशेष लोक अदालत में पेमेंट सेतु एप-पोर्टल के माध्यम से लगभग 750 वादों का निस्तारण किया गया तथा लगभग 7,76,449 रुपये का अर्थदंड जमा कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में वाहन स्वामियों एवं वादकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने लंबित ट्रैफिक चालानों का स्वेच्छा से निस्तारण कराया। लोक अदालत में आए वाहन स्वामियों का कहना था कि लंबे समय से चालान लंबित होने के कारण उन्हें बार-बार कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ रहे थे।

लोक अदालत के माध्यम से एक ही दिन में उनका मामला निपट गया। कई लोगों ने मौके पर ही पेमेंट सेतु एप से अर्थदंड जमा किया। इससे उन्हें न तो वकील के चक्कर लगाने पड़े और न ही तारीख पर तारीख का सामना करना पड़ा। विशेष लोक अदालत के माध्यम से वादकारियों को अनावश्यक न्यायालयीन प्रक्रिया से राहत मिलने के साथ ही समय एवं धन की बचत भी हुई। सचिव पॉमेला श्रीवास्तव ने बताया कि इस तरह की लोक अदालतों से न्यायालयों पर मुकदमों का बोझ भी कम होता है और लोगों को त्वरित न्याय मिलता है।



Source link