जागरण संवाददाता, रायबरेली। जिले की नगर पंचायतों में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अधिशासी अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं। शासन स्तर से जारी आदेश के बाद जिले की विभिन्न नगर पंचायतों में नए अधिशासी अधिकारियों की तैनाती की गई है। इससे नगर पंचायतों में कामकाज की जिम्मेदारी नए अधिकारियों को सौंपी गई है। वहीं, नगर पालिका परिषद रायबरेली के अधिशासी अधिकारी के तबादले को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार मनोज कुमार पांडेय को नगर पंचायत ऊंचाहार का अधिशासी अधिकारी बनाया गया है। वहीं, अभय रंजन को नगर पंचायत परशदेपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोहिनी केसरवानी को नगर पंचायत बछरावां का अधिशासी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा शीलू अवस्थी को नगर पंचायत डलमऊ का अधिशासी अधिकारी बनाया गया है। इसी क्रम में हरि नारायण सिंह को नगर पंचायत लालगंज तथा दुर्गेश कुमार सिंह को नगर पंचायत नसीराबाद का अधिशासी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
तबादले के बाद सभी अधिकारियों को संबंधित नगर पंचायतों में कार्यभार ग्रहण करना होगा। नगर पंचायतों में हुए इस प्रशासनिक बदलाव को स्थानीय निकायों की कार्यप्रणाली के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए अधिकारियों के सामने नगर पंचायतों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क और नाली निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों को गति देने की चुनौती होगी।
उधर, नगर पालिका परिषद रायबरेली के अधिशासी अधिकारी के तबादले को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, अभी तक उनके स्थानांतरण को लेकर कोई आधिकारिक आदेश सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़ें- 25 लाख युवाओं को नौकरी, बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार… यूपी चुनाव को लेकर अखिलेश ने जारी किया सपा का घोषणा पत्र
ऐसे में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी के तबादले को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है। एडीएम प्रशासन अमित कुमार ने बताया कि ने बताया कि यहां के नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी के तबादले गैर जनपद होने पर उनके स्थान पर नए की तैनाती कर दी गई है।
