राजधानी लखनऊ में अमीनाबाद इलाके से लापता हुए बुजुर्ग राम नारायण बाजपेई की बेटी आंचल बाजपेई पाठक ने पांच लोगों पर पिता के अपहरण का आरोप लगाते हुए अमीनाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इससे पहले 20 सितंबर को परिजनों ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस की चार टीमें राम नारायण की तलाश में जुटी हैं। पुलिस ने अयोध्या, सीतापुर और आगरा में दबिश भी दी, लेकिन उनका पता नहीं चल सका है।
आलमबाग निवासी राम नारायण की बेटी आंचल बाजपेई पाठक के अनुसार, उनके पिता अमीनाबाद इलाके में रहते हैं। पिता की सीतापुर के सिधौली, कंदुनी रामकला निवासी शिवम गुप्ता उर्फ शोभित कृष्ण से जान-पहचान थी। आरोपी शिवम गुप्ता ने कई बड़े नेताओं को अपना रिश्तेदार बताया और 19 सितंबर को एक बड़े राजनेता से मिलवाने की बात कहकर राम नारायण को 10 दिनों के लिए दिल्ली ले गया।
इसके बाद राम नारायण वापस नहीं लौटे। 22 सितंबर को उनका फोन बंद हो गया। इसके बाद आरोपी शुभम ने अपने मोबाइल फोन से राम नारायण की बात परिजनों से कराई और बताया कि उनका फोन खराब हो गया है। देखते-देखते 10 दिन पूरे हो गए, लेकिन राम नारायण वापस नहीं लौटे।
आंचल के अनुसार, 28 सितंबर को उनके पिता ने बेटे को फोन कर पांच हजार रुपये मांगे। इस पर उनके बताए गए नंबर पर पांच हजार रुपये भेज दिए गए। इसके बाद तीन अक्तूबर को राम नारायण के मोबाइल फोन से परिजनों को कॉल आया और अलग-अलग लोगों से फिरौती की रकम मांगी गई। किसी से चार लाख तो किसी से एक लाख रुपये और आंचल के पति से 25 लाख रुपये मांगे गए। रकम न मिलने पर राम नारायण की हत्या करने की धमकी दी गई।
डीसीपी पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में पहले बुजुर्ग की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। बाद में परिजनों ने फिरौती मांगे जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। उनकी तहरीर पर 22 नवंबर को शिवम गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, रामेश्वरी गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता और नीटू कनौजिया के खिलाफ फिरौती के लिए अपहरण की एफआईआर दर्ज की गई है।
