अवनीश शुक्ला, लखीमपुर। सड़कों पर मौतें हो रही हैं, घरों के चिराग बुझ रहे हैं और यातायात पुलिस यातायात माह मनाने में जुटी है। एक नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के 25 दिन में ही 53 लोग सड़क हादसों में जान गंवा चुके हैं। अक्टूबर की 46 मौतें जोड़ दें तो दो महीने में 99 जिंदगियां सड़क पर खत्म हो चुकी हैं। हर दिन कहीं न कहीं हादसा हो रहा है, लेकिन यातायात पुलिस का अभियान लोगों की जान बचाने के बजाय चालान के आंकड़े जुटाने तक सिमटता दिख रहा है।
मोटरसाइकिल, कार और ट्रकों के पीछे से फोटो खींचकर चालान काटे जा रहे हैं। सवाल है कि क्या सिर्फ चालान काटने से सड़क हादसे रुक जाएंगे? जब यातायात माह में ही मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है तो फिर इस अभियान का फायदा किसे मिल रहा है? जिले में दो राष्ट्रीय राजमार्ग और चार राज्य राजमार्ग हैं। इनके अलावा दर्जनों प्रमुख और संपर्क मार्गों पर रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं।
पिछले वर्ष तक जिले में कुल 78 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए थे। इनमें 44 स्थान ऐसे थे, जहां बार-बार हादसे हो रहे थे। राज्य राजमार्ग-101 के सिसैया-धौरहरा-निघासन-पलिया-धनौरा घाट-पूरनपुर मार्ग पर पलिया-संपूर्णानगर के बीच गुदरिया बाबा मंदिर के पास नया ब्लैक स्पाट भी चिह्नित किया गया। इन स्थानों पर सड़क की खामियां दूर करने, संकेतक लगाने, रोशनी और यातायात नियंत्रण के इंतजाम करने की जरूरत है, लेकिन हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा।
13,447 चालान, फिर भी सड़कों पर वही लापरवाही
यातायात माह में पुलिस 13,447 वाहनों के चालान कर चुकी है। कुछ वाहनों को सीज भी किया गया, लेकिन बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने की आदत पर अंकुश नहीं लगा। स्कूलों और चौराहों पर जागरूकता कार्यक्रम भी हो रहे हैं, मगर उनका असर हादसों के आंकड़ों में नजर नहीं आ रहा। पुलिस की कार्रवाई का बड़ा हिस्सा चालान तक सीमित है। दुर्घटना संभावित स्थानों पर लगातार निगरानी, ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण और सड़क की खामियों को दूर कराने की पहल उतनी प्रभावी नजर नहीं आती।
आंकड़े खुद पूछ रहे सवाल
मई में 47, जून में 66, जुलाई में 45, अगस्त में 48 और अक्टूबर में 46 लोगों की मौत हुई। नवंबर में 25 तारीख तक 53 लोग जान गंवा चुके हैं। सितंबर का आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। ये आंकड़े बताते हैं कि सड़क हादसे किसी एक महीने की समस्या नहीं, बल्कि लगातार जारी संकट हैं। यातायात माह में यदि मौतें और बढ़ रही हैं तो अभियान की समीक्षा जरूरी है। पुलिस को बताना होगा कि 13,447 चालान के बाद भी सड़कें सुरक्षित क्यों नहीं हुईं? आखिर कब तक जागरूकता के नाम पर कार्यक्रम और कार्रवाई के नाम पर चालान होते रहेंगे, जबकि आम आदमी की जान सड़क पर जोखिम में बनी रहेगी?
