उरई। जिले में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के अभियान में कुछ माध्यमिक विद्यालय रुचि नहीं दिखा रहे हैं।

लक्ष्य के सापेक्ष आवेदन कम जमा होने पर डीआईओएस एवं स्वीप के नोडल अधिकारी राजकुमार पंडित ने नाराजगी जताई है। उन्होंने इस्लामिया इंटर कॉलेज और मॉडर्न इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्यों को चेतावनी देते हुए लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।

जिले में चार हजार से अधिक युवाओं को मतदाता बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले के सभी 248 माध्यमिक विद्यालयों में अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक करीब दो हजार युवाओं के ही फार्म छह भरवाए जा सके हैं। लक्ष्य के सापेक्ष आवेदन कम होने पर शिक्षा विभाग ने विद्यालयों की जवाबदेही तय की है।

अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए 37 प्रधानाचार्यों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रत्येक नोडल अधिकारी को पांच से सात विद्यालयों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

—

एसडीएम कार्यालय में जमा फार्म ही माने जाएंगे सही

डीआईओएस ने कहा कि कुछ विद्यालयों की ओर से मौखिक रूप से अधिक आवेदन भरवाने की जानकारी दी जा रही है, लेकिन एसडीएम कार्यालय में फार्म छह कम संख्या में जमा हो रहे हैं। अब केवल उन्हीं आवेदनों को मान्य माना जाएगा, जो संबंधित एसडीएम के पास जमा होंगे। मौखिक आंकड़ों के आधार पर विद्यालयों की प्रगति स्वीकार नहीं की जाएगी।



Source link