संवाद सूत्र, अंबेहटा (सहारनपुर)। अंबेहटा नगर के ऊर्जा निगम में तैनात कर्मचारी विद्युत लाइन की मरम्मत करते समय करंट लगने से झुलस गया।
ऊर्जा निगम में कार्यरत इरशाद सलमानी (25) सोमवार सुबह सफिया कॉलोनी में विद्युत लाइन को ठीक करने के लिए पहुंचे थे।
बताया गया कि उन्होंने विद्युत आपूर्ति बंद कराने के लिए शटडाउन लिया था। इसके बाद वह मरम्मत कार्य करने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़ गए। वह लाइन ठीक कर ही रहे थे कि अचानक विद्युत आपूर्ति चालू हो गई।
इसकी चपेट में आने से उन्हें करंट लग गया और वह झुलसकर खंभे से नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल कर्मचारी को संभाला और उनके स्वजन को सूचना दी। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए पीजीआई पिलाखनी में भर्ती कराया।
शटडाउन के बाद बिजली चालू होने पर उठे सवाल
विद्युत लाइन की मरम्मत के लिए शटडाउन लेने के बावजूद आपूर्ति चालू होने की घटना से विभागीय व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लाइन पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए विद्युत आपूर्ति बंद रखना बेहद जरूरी होता है।
ऐसे में मरम्मत कार्य के दौरान अचानक बिजली चालू होने से कर्मचारी हादसे का शिकार हो सकते हैं। हालांकि, इस मामले में विद्युत आपूर्ति किस परिस्थिति में चालू हुई, इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इस संबंध में अंबेहटा विद्युत विभाग के अवर अभियंता रामरश पाल ने बताया कि लाइनमैन को करंट लगने की घटना हुई है। विद्युत आपूर्ति अचानक कैसे चालू हुई, इसकी जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
